ईरान युद्ध का सड़क निर्माण पर भी पड़ने लगा असर, दोगुनी हुई बिटुमेन की कीमत; ठेकेदारों ने खड़े किए हाथ
ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं। इसका सीधा असर हिमाचल प्रदेश में सड़क निर्माण में प्रयुक्त बिटुमेन और एलडीओ की दरों पर पड़ा है, जो दोगुनी हो गई हैं।
-1775304173134_m.webp)
ईरान युद्ध का असर सड़क निर्माण पर भी पड़ने लगा है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ईरान युद्ध से बिटुमेन, एलडीओ की कीमतें दोगुनी हो गईं।
हिमाचल में सड़क निर्माण, पीएमजीएसवाई परियोजनाएं बुरी तरह प्रभावित।
ठेकेदारों ने मौजूदा दरों पर काम करने में असमर्थता जताई।
राज्य ब्यूरो, शिमला। ईरान युद्ध के चलते पश्चिम एशिया में बढ़ते राजनीतिक तनाव से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। इस स्थिति का सीधा असर सड़क निर्माण में उपयोग होने वाले बिटुमेन यानी डामर और एलडीओ (लाइट डीजल आयल) की दरों पर पड़ा है, जिससे इनकी कीमतें दोगुनी हो गई हैं।
यह वृद्धि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-तीन के तहत चल रहे कार्यों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है, साथ ही पीएमजीएसवाई चरण-चार में प्रस्तावित कार्यों पर भी संकट की आशंका है।
ऐसे में काम करना संभव नहीं
बढ़ती कीमतों से ठेकेदारों ने काम करने में असमर्थता जताई है और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वर्तमान दरों में काम करना अब संभव नहीं है। यदि विभाग और सरकार इस समस्या का समाधान नहीं निकालते हैं, तो सभी कार्य रुक सकते हैं।
43 से 86 रुपये किलो हुई कीमत
जब प्रदेश में परियोजनाओं की डीपीआर तैयार की गई थी, तब बिटुमेन की कीमत लगभग 43 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 86.60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसी प्रकार, एलडीओ की कीमतों में भी 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।
वर्तमान परियोजनाएं प्रभावित
इस स्थिति से न केवल वर्तमान परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं, बल्कि भविष्य की योजनाओं पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। नए टेंडर जारी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो पाएंगे, जिससे ग्रामीण सड़क विकास की गति धीमी पड़ सकती है।
कहां होता है प्रयोग, कहां से आता है
एलडीओ का उपयोग सड़क निर्माण में लगने वाली मशीनों को चलाने में किया जाता है। बिटुमेन काला, चिपचिपा और गाढ़ा पदार्थ होता है, जो मुख्यत: प्रेट्रोलियम (कच्चे तेल) से मिलता है। इसे डामर भी कहते हैं। इसका निर्माण सड़क निर्माण में होता है। भारत इनका आयात इराक, ईरान, यूएई, सऊदी अरब, कुवैत और सिंगापुर जैसे देशों से करता है। पश्चिम एशिया में तनाव से इसका आयात प्रभावित हुआ है।
क्या कहते हैं ठेकेदार
यदि जल्द ही बढ़ी लागत की भरपाई के लिए ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो ठेकेदारों को काम बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
-सतीश विज, अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश ठेकेदार संघ।
क्या कहते हैं मंत्री
प्रदेश सरकार सारी स्थिति पर नजर रख रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
-विक्रमादित्य सिंह, लोक निर्माण मंत्री।
सड़क निर्माण की लागत में 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि
बिटुमेन की कीमतों में वृद्धि का असर सड़क निर्माण लागत पर पड़ा है। सड़क निर्माण की लागत में 25 से 30 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। सड़कों के निर्माण में प्रति किलोमीटर सडकों की चौड़ाई के आधार पर 3.15 लाख से 12 लाख रुपये प्रति किलोमीटर तक का अंतर आ गया है।
कितना अंतर आ गया
- श्रेणी व चौड़ाई पहले लागत अब लागत अंतर
- नाबार्ड व पीएमजीएसवाई (3 मीटर) 13.75 17.75 4
- नाबार्ड व पीएमजीएसवाई (6 मीटर) 27.50 35.50 8
- नाबार्ड व पीएमजीएसवाई (10 मीटर) 41.25 53.25 12
- ग्रामीण सड़कें 11 14.15 3.15
(नोट : लागत लाख रुपये प्रति किलोमीटर)
यह भी पढ़ें: HPRCA ने TGT आर्ट्स भर्ती का परिणाम किया घोषित, 632 अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित; यहां देखिए रोल नंबर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।