शांता कुमार का बयान, भाजपा की खोल रहा पोल : राठौर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश भाजपा क
जागरण संवाददाता, शिमला : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश भाजपा के अंदर कलह चली हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर कोई भी टिप्पणी करने से पूर्व भाजपा को अपने घर की सुध ले लेनी चाहिए। राठौर ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार का यह बयान कि भाजपा में राजनीति प्रदूषित होती जा रही है, अपने आप में एक बहुत बड़ा संदेश है, जिसके कई मायने भी हैं। उनका यह कथन पार्टी के अंदर नेताओं में बढ़ते असंतोष को स्पष्ट इंगित करता है। उनका यह आरोप कि उन्हें अपने ही लोगों ने राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बनाया, पार्टी की पूरी पोल खोलता है।
राठौर ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर पर हो या प्रदेश स्तर पर भाजपा ने अपने वरिष्ठ नेताओं को राजनीति से दर किनार कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के कुछ मंत्री बेलगाम हो गए हैं। सरकार और अफसरशाही के बीच टकराव की स्थिति बनती जा रही है। केंद्र सरकार किसानों की आवाज दबाने का पूरा प्रयास कर रही है। कांग्रेस किसानों की लड़ाई तब तक जारी रखेगी, जब तक सरकार कानून को वापस नहीं ले लेती। राठौर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में चल रहे छात्र आंदोलन पर कहा कि विद्यार्थियों के साथ बातचीत की जानी चाहिए। उन्होंने कुलपति पर मनमानी करने का आरोप लगाया। राठौर ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी से पहले हो जाने चाहिए। उन्होंने कहा की वर्तमान सरकार प्रदेश में कोई भी विकास कार्य करवाने में असफल रही है।