1200 KM साइकिल यात्रा पर निकले सेना के जवान, हिमाचल में युवाओं और छात्रों से किया संवाद; दिया खास संदेश
भारतीय सेना की 26 पंजाब यूनिट ने युवाओं में शारीरिक फिटनेस और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के लिए अंबाला से केलंग तक साइकिल अभियान चलाया।

अंबाला से साइकिल पर हिमाचल प्रदेश के केलंग पहुंचे सेना के जवान स्थानीय लोगों के साथ। जागरण
HighLights
सेना की 26 पंजाब यूनिट का साइकिल अभियान।
युवाओं में फिटनेस और राष्ट्रसेवा की भावना जगाई।
सेना में करियर और अनुशासन पर संवाद किया।
जागरण संवाददाता, मनाली। भारतीय सेना की 26 पंजाब यूनिट की ओर से युवाओं में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिलिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अंबाला कैंट से केलंग तक आयोजित किया गया। केलंग से अभियान जालंधर पहुंचेगा। इस अभियान के तहत सेना के जवान करीब 1200 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय करेंगे।
अभियान के दौरान सेना के जवानों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्कूली विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
युवाओं व छात्रों से किया संवाद
टीम लीडर कैप्टन अनीश एम और डिप्टी टीम लीडर सूबेदार कुलवंत मान के नेतृत्व में सेना के जवानों ने केलंग सहित पलचान, पंडोह और चौंतड़ा में विद्यार्थियों व युवाओं से संवाद किया। संवाद कार्यक्रम के दौरान सेना के जवानों ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में जानकारी दी।
देश सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया
युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए आवश्यक पात्रता, चयन प्रक्रिया और विभिन्न प्रवेश योजनाओं के बारे में भी बताया गया। जवानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को देश सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया।
प्रश्नोत्तर सत्र में सेना भर्ती व करियर से जुड़े प्रश्न पूछे
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सेना में भर्ती और करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। सेना के जवानों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उनका मार्गदर्शन किया। सही उत्तर देने और सक्रिय रूप से भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी दिए गए।
युवाओं को दिया फिटनेस का संदेश
सेना के जवानों ने युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासन अपनाने और राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा तैयार रहने का संदेश दिया। इस तरह के संवाद कार्यक्रम युवाओं को भारतीय सेना और देशसेवा के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
