विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल IGMC का हाल, लिफ्ट पड़ी थी खराब; बीमार सांसद को सीढ़ियों से स्ट्रेचर पर उठाकर ले जाना पड़ा

By Shikha Verma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 27 Jun 2026 04:56 PM (GMT+05:30)

राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शिमला के आईजीएमसी अस्पताल लाया गया, जहाँ लिफ्ट खराब होने के ...और पढ़ें

HighLights

  1. राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन को आईजीएमसी लाया गया।

  2. अस्पताल की लिफ्ट खराब होने से स्ट्रेचर पर ले गए।

  3. घटना ने अस्पताल की सुविधाओं पर सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आइजीएमसी) में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत शनिवार को सामने आ गई। राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लाया गया, लेकिन उन्हें भी लिफ्ट की सुविधा नहीं मिल सकी। उन्हें जब आपातकालीन से सीसीयू में शिफ्ट किया गया तो अस्पताल की लिफ्ट खराब होने के कारण सीढ़ियों से स्ट्रेचर पर उठाकर ले जाना पड़ा।

महाजन को डी ब्लाक की पहली मंजिल के सीसीयू में शिफ्ट किया था, लेकिन यहां लिफ्ट खराब होने के कारण सीसीयू तक सीढ़ियों के रास्ते ले जाना पड़ा। आइजीएमसी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार सुबह भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान हर्ष महाजन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए आइजीएमसी लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि संबंधित लिफ्ट काम नहीं कर रही थी। ऐसे में उनके साथ मौजूद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्ट्रेचर पर ही उठाकर सीढ़ियों के रास्ते वार्ड तक पहुंचाया। महाजन के साथ बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्हें वार्ड तक पहुंचाने में अधिक दिक्कत नहीं आई।

अन्य मरीज क्या करें

हालांकि इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि ऐसी स्थिति किसी सामान्य मरीज के साथ होती तो इसके साथ केवल एक-दो तीमारदार होते, तो गंभीर मरीज को सीढ़ियों से वार्ड तक ले जाना कितना मुश्किल होता। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि लिफ्ट ठीक करने का काम चल रहा है। जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा।

सबसे ज्यादा मरीज पहुंचते हैं आईजीएमसी

आइजीएमसी प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे अस्पताल में लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा का बंद होना मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है। खासकर बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों के लिए यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।

अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि प्रदेश के वीआईपी मरीज को भी ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, तो आम मरीजों की परेशानी का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से लिफ्ट सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को हर समय सुचारू रखने और खराब होने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: शिमला में प्रदर्शन के दौरान MP हर्ष महाजन लड़खड़ाकर गिरे, IGMC में उपचार के बाद बोले- अब ठीक; कैसे बिगड़ी थी तबीयत?

यह भी पढ़ें: भरमौर में सड़क से 300 फीट नीचे नाले में जा गिरी कार, 3 महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत; एक की हालत गंभीर