HRTC के बेड़े में आएंगी 350 नई बसें, पुरानी JNURM बसों की होगी विदाई; BOD की बैठक में लगेगी मुहर
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) अपने बेड़े में 350 नई बसें शामिल करने की तैयारी में है, जिनमें 250 डीजल ...और पढ़ें

एचआरटीसी 350 नई बसें खरीदेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
HRTC 350 नई बसें बेड़े में शामिल करने की तैयारी में।
250 डीजल और 100 मिनी-मिडी बसें होंगी शामिल।
पुरानी JNURM बसों को बेड़े से बाहर करने का प्रस्ताव।
राज्य ब्यूरो, शिमला। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) अपने बेड़े में 350 नई बसें शामिल करने की तैयारी में है। इनमें 250 डीजल और 100 मिनी-मिडी बसें होंगी। बसों की खरीद के प्रस्ताव पर 25 सितंबर को होने वाली निदेशक मंडल (बीओडी) की बैठक में अंतिम निर्णय हो सकता है।
एचआरटीसी ने पहले भी बसों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया था, लेकिन आपत्तियों के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब निगम ने टेंडर की कुछ शर्तों में बदलाव किया है, ताकि अधिक कंपनियां इसमें भाग ले सकें। नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी है।
पुरानी बसें बेड़े से बाहर होंगी
बीओडी की बैठक में जेएनएनयूआरएम के तहत खरीदी गई पुरानी बसों को बेड़े से बाहर करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। ये बसें निर्धारित आयु पूरी कर चुकी हैं। इनके संचालन पर खर्च अधिक और आमदनी अपेक्षाकृत कम होने के कारण निगम इन्हें हटाने की तैयारी में है।
ई-बसों के संचालन का भी होगा आकलन
बैठक में 297 ई-बसों के संचालन से होने वाली कमाई और डीजल खर्च में बचत का भी आकलन प्रस्तुत किया जाएगा। प्रबंधन ने अधिकारियों को इसके लिए आंकड़े तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
बीओडी की मंजूरी के साथ चलेगी प्रक्रिया
बीओडी की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ने पर एचआरटीसी के बेड़े में नई बसों की आमद और पुरानी बसों की विदाई एक साथ शुरू हो सकती है। इससे आने वाले समय में निगम के बस बेड़े की उम्र और संचालन लागत, दोनों पर असर पड़ने की उम्मीद है।
बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
