मंडी के शौर्यन शर्मा को गूगल इंडिया में मिला 50 लाख रुपये का पैकेज, बैंक ऑफ अमेरिका में दे चुके तीन साल सेवाएं
मंडी जिले के सरकाघाट के शौर्यन शर्मा ने गूगल इंडिया में तकनीकी समाधान सलाहकार का पद संभाला है। उनका वार्षिक ...और पढ़ें

मंडी के शौर्यन शर्मा को गूगल इंडिया में 50 लाख का पैकेज मिला है।
HighLights
शौर्यन शर्मा को गूगल इंडिया में तकनीकी समाधान सलाहकार का पद मिला।
उनका वार्षिक पैकेज लगभग 50 लाख रुपये है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
गूगल से पहले बैंक ऑफ अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।
संवाद सहयोगी, सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के युवाओं का डंका अब वैश्विक स्तर की दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनियों में बज रहा है। मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल स्थित तताहर के युवा तकनीकी विशेषज्ञ शौर्यन शर्मा ने दुनिया की अग्रणी आईटी कंपनी गूगल इंडिया में तकनीकी समाधान सलाहकार के पद पर नई जिम्मेदारी संभाली है।
हैदराबाद स्थित कार्यालय से कार्य शुरू करने वाले शौर्यन का वार्षिक पैकेज करीब 50 लाख रुपये बताया जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से समूचे क्षेत्र और परिवार में जश्न का माहौल है।
बैंक ऑफ अमेरिका में साफ्टवेयर इंजीनियर रहे
गूगल इंडिया से पहले शौर्यन ने बैंक ऑफ अमेरिका में करीब तीन वर्ष तक साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। इस दौरान उन्होंने फिनटेक क्षेत्र में सुरक्षित व आधुनिक साफ्टवेयर प्रणालियों, रियल-टाइम एपीआइ सेवाओं और डाटा गोपनीयता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके नाम ब्लाकचेन व डिस्ट्रीब्यूटेड डेटा रजिस्टर तकनीक के क्षेत्र में एक अमेरिकी पेटेंट दर्ज है।
वेल्लोर से की बीटेक
उन्होंने वीआइटी (वेल्लोर) तमिलनाडु से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया है, जबकि स्कूली शिक्षा मॉर्डन दिल्ली पब्लिक स्कूल फरीदाबाद से पूरी की। वह जावा, पायथन, एडब्ल्यूएस और गूगल यूएक्स डिजाइन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के विशेषज्ञ हैं।
पिता एनचपीसी में कार्यरत
शौर्यन के पिता विनोद कुमार शर्मा एनएचपीसी में विद्युत महाप्रबंधक हैं और माता कल्पना शर्मा उच्च शिक्षित गृहिणी हैं।
मामा ने बताई खूबियां
शौर्यन के मामा राकेश शर्मा ने बताया कि वह शांत स्वभाव के हैं और फुटबॉल व संगीत के शौकीन हैं। इस बड़ी कामयाबी पर क्षेत्रवासियों व स्वजन ने शौर्यन को शुभकामनाएं दी हैं।
