विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला में HRTC की इलेक्ट्रिक बस और कार के बीच भीषण टक्कर में दो महिलाओं समेत 3 की मौत, एक घायल

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 24 Sep 2026 06:23 PM (IST)

शिमला में राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर घंडल के पास एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस ...और पढ़ें

शिमला में बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर।

शिमला में बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर।

HighLights

  1. शिमला में एचआरटीसी बस और कार की भीषण टक्कर।

  2. हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हुई।

  3. एक व्यक्ति घायल, पुलिस ने जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीरवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर घंडल के पास हुआ, जहां बागीपुल से शिमला आ रही एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और एक कार के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है।

कार के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य वाहन चालकों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया।

दो महिलाओं व एक पुरुष की मौत

आईजीएमसी में चिकित्सकों ने तीन लोगों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग जिला सोलन के रहने वाले थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस और कार की टक्कर किस वजह से हुई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में नशा तस्करों पर एक्शन: बिलासपुर पुलिस ने 6 कारें, गोल्ड बिस्किट व मकान समेत करोड़ों की प्रॉपर्टी सीज की