हिमाचल में नशा तस्करों पर एक्शन: बिलासपुर पुलिस ने 6 कारें, गोल्ड बिस्किट व मकान समेत करोड़ों की प्रॉपर्टी सीज की
बिलासपुर पुलिस ने हिमाचल में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कारें, गोल्ड बिस्किट और मकानों समेत करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है।

बिलापुर पुलिस की ओर से सीज की गई नशा तस्करों की प्रॉपर्टी।
HighLights
बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति जब्त की।
गाड़ियां, सोने के बिस्किट, मकान और बैंक खाते सीज किए गए।
नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर सख्त कार्रवाई जारी।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। पुलिस ने चिट्टा तस्करों की संपतियां सीज करना शुरू कर दिया है। इसके पहले चरण में पुलिस ने नशा तस्करी के सात मामलों में संलिप्त 10 आरोपितों की एक करोड़ 35 हजार 16 हजार 242 रुपये से अधिक की संपत्ति को सीज किया है। इन आरोपितों ने यह संपत्ति नशे का कारोबार कर जुटाई थी और उसके उनके पास कोई प्रमाण नहीं था।
गाड़ी, गोल्ड बिस्किट व मकान किए सीज
पुलिस की ओर से की गई इस वित्तीय जांच में जब आरोपितों से संपत्ति अर्जित करने के वैध स्रोतों का हिसाब मांगा गया, तो तस्कर कोई संतोषजनक जवाब व दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के सख्त प्रविधानों के तहत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ियों, बैंक खातों, सोने के बिस्किट और मकानों को सीज कर दिया।
बरमाणा के अजय की दो गाड़ियां, मकान व कैश सीज
पहले मामले में लगड़ बरमाणा निवासी अजय कुमार उर्फ आजाद को 6.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया गया था। अजय आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं। आरोपित की दो कारें, बैंक खाते में जमा छह लाख 33 हजार 340 की नकदी और निर्माणाधीन मकान सब मिलाकर 21 लाख 21 हजार 565 रुपये की संपत्ति सीज की है।
पंजगाई के अनिल से सोने के बिस्किट व मकान जब्त
दूसरे मामले में 15.13 ग्राम हेरोइन समेत पकड़ा पंजगाई बिलासपुर निवासी अनिल कुमार उर्फ पिंटू जिसके खिलाफ नशा तस्करी के नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसके 100 ग्राम सोने के बिस्किट और उसका मकान सीज मिलाकर कुल 30 लाख 53 हजार 334 रुपये की संपत्ति सीज की हैं।
मंडी और कुल्लू के तस्करों से एक गाड़ी व कैश बरामद
काच्योट मंडी निवासी दूपल सिंह और मलाणा कुल्लू निवासी जय चंद के कब्जे से 1.8 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। उसके एक गाड़ी और बैंक खातों में जमा राशि समेत कुल 11 लाख 58 हजार 777 रुपये की संपत्ति सीज की है।
घुमारवीं के राकेश का 39 लाख का मकान सीज
57.3 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में बालू टेण्ठा घुमारवीं निवासी राकेश जिसके खिलाफ सात मामले दर्ज हैं का 39 लाख 53 हजार 681 की कीमत का मकान पूरी तरह से सीज किया है।
5.7 किलो चरस सहित पकड़े तस्कर पर एक्शन
भुट्टी कुल्लू निवासी जीवन सिंह जिसको बिलासपुर में 5.7 किलोग्राम चरस समेत गिरफ्तार किया है। उसके बैंक खाते में रखी छह लाख सात हजार 598 की रकम को सीज कर दिया गया है।
दो कारें व कैश सीज
गांव रूआ तहसील बिलासपुर निवासी उमेश और कंदरौर निवासी अजय सिंह को 21.2 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा गया था। उसकी दो कारें व बैंक खाते की रखे पैसों को मिलाकर कुल 13 लाख 21 हजार 287 रुपये की संपत्ति सीज की है।
गाड़ी, बाइक व कैश जब्त
वहीं स्यांह बल्ह मंडी निवासी अमन कुमार और अयां तहसील व जिला मंडी निवासी अरुण से 14.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इन दोनों की एक गाड़ी एक बाइक मिलाकर कुल 13 लाख रुपये की संपत्ति को पुलिस ने सीज किया है।
क्या कहना है एसपी बिलासपुर का
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान को अब केवल आरोपितों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं रखा जाएगा। यदि कोई भी आरोपित नशे के व्यापार से संपत्ति अर्जित करता है और जांच के दौरान उसके वैध स्रोत साबित नहीं कर पाता, तो उसकी चल-अचल संपत्ति को इसी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
