HRTC बस में बिना टोल से गुजरे ही यात्रियों से वसूला टैक्स, धर्मपुर से शोघी के बीच किया सफर; निगम ने बताए नियम
शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर एचआरटीसी बसों में धर्मपुर से शोघी तक यात्रा करने वाले यात्रियों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जबकि इस खंड में कोई टोल प्लाजा नहीं है।

एचआरटीसी बस में बिना टोल से गुजरे टैक्स वसूलने का मामला सामने आया है।
HighLights
धर्मपुर से शोघी तक यात्रियों से टोल टैक्स लिया गया।
इस खंड में कोई टोल प्लाजा मौजूद नहीं है।
एचआरटीसी ने इसे रूट आधारित शुल्क बताया है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर चलने वाली एचआरटीसी बसों में धर्मपुर से शोघी तक सफर करने वाले यात्रियों से भी टोल टैक्स वसूला गया है। एचआरटीसी के इस फैसले पर सवाल उठने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि धर्मपुर और शोघी के बीच कोई टोल प्लाजा नहीं है, इसके बावजूद टिकट में दो रुपये टोल टैक्स के नाम पर वसूले जा रहे हैं।
यात्री ने निगम प्रबंधन से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने और टोल वसूली बंद करने की मांग की है। शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर यात्रा कर रहे यात्री अखिल कुमार ने बताया कि वह बीते दिन किसी काम से धर्मपुर गए थे। वहां से शिमला लौटते समय उन्होंने एचआरटीसी की बस में धर्मपुर से शोघी तक सफर किया।
130 रुपये किराये में टोल टैक्स भी शामिल
बस शिमला लोकल डिपो की थी और इसका नंबर एचपी 63 डी 0326 था। परिचालक ने धर्मपुर से शोघी तक का 130 रुपये किराया लिया। टिकट देखने पर उन्हें पता चला कि इसमें दो रुपये टोल टैक्स के भी जोड़े गए हैं।
टोल पार नहीं किया तो टैक्स क्यों
अखिल कुमार ने कहा कि यदि यात्री चंडीगढ़ से बस में सवार होता तो सनवारा टोल प्लाजा आने के कारण टोल वसूली को समझा जा सकता है। लेकिन धर्मपुर से शोघी तक यात्रा करने वाले यात्री ने कोई टोल प्लाजा पार ही नहीं किया। ऐसे में उससे टोल टैक्स के नाम पर दो रुपये क्यों लिए जा रहे हैं, यह समझ से परे है। उन्होंने निगम प्रबंधन से इस व्यवस्था की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
रूट के आधार पर लगता है टोल
एचआरटीसी शिमला के डीएम देवासेन नेगी ने कहा कि बस का रूट शिमला-चंडीगढ़ है। बस टोल रोड का प्रयोग करती है, इसलिए प्रति यात्री दो रुपये टोल टैक्स लिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह राशि रूट के आधार पर निर्धारित है।
