एचपीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का चुनाव आज
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का चुनाव वीरवार को होगा। 574 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
जागरण संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का चुनाव वीरवार को होगा। 574 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। बुधवार को प्रदेश विश्वविद्यालय में प्रत्याशी जोर शोर से चुनाव प्रचार में जुटे रहे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी के सात पदों के लिए मतदान होगा। यह चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, संगठन सचिव, प्रेस सचिव और वित्त सचिव पद के लिए होंगे। विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक चुनाव में 7 पदों के लिए 71 प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज किए हैं। जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 10, उपाध्यक्ष के लिए 15, महासचिव के लिए 10, संगठन सचिव के लिए 9, सचिव पद के लिए आठ व वित्त सचिव के लिए नौ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। वीरवार सुबह 10 बजे मतदान शुरू होगा और तीन बजे तक चलेगा। चुनाव परिणाम भी वीरवार को ही घोषित किए जाएंगे।