2.86 लाख महिलाओं को 1500 रुपये मिलने की उम्मीद, हिमाचल की सुक्खू सरकार ने शुरू की छंटनी प्रक्रिया
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार 2.86 लाख गरीब महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के तहत हर महीने 1500 रुपये देने की तैयारी में है।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
2.86 लाख महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये मासिक।
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना।
मुफ्त बिजली, पक्के मकान की भी घोषणा संभव।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर करीब 2.86 लाख गरीब परिवारों की महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के तहत हर महीने 1500 रुपये मिलने की उम्मीद है। सरकार इस मौके पर आर्थिक सहायता, निश्शुल्क बिजली और पक्के मकान से जुड़ी योजनाओं की घोषणा कर सकती है। प्रारंभिक तौर पर इसके लिए हमीरपुर में कार्यक्रम आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।
छंटनी प्रक्रिया शुरू, 36 हजार का चयन
योजना के तहत पात्र महिलाओं की पहचान के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ऑनलाइन डाटा की जांच कर रहा है। फिलहाल 36 हजार महिलाओं का चयन किया जा चुका है।
21 से 59 वर्ष आयु वर्ग पात्रता
अब गरीब परिवारों की 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं की पात्रता परखी जा रही है। पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं इस योजना के दायरे में नहीं आएंगी। यानी गरीब परिवार से होना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उम्र और अन्य निर्धारित शर्तें पूरी करना भी जरूरी होगा।
300 यूनिट फ्री बिजली
सरकार की सुखी परिवार योजना में 300 यूनिट निश्शुल्क बिजली उपलब्ध करवाने और पक्के मकान से वंचित परिवारों को चरणबद्ध तरीके से आवास देने की भी है। इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सीधी सहायता देने के साथ उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी करना है।
1500 रुपये की मासिक सहायता से पात्र महिलाओं को घरेलू खर्च, दवाइयों, बच्चों की जरूरतों और रोजमर्रा के खर्च में मदद मिल सकती है। हालांकि, कितनी महिलाओं को वास्तव में लाभ मिलेगा, यह पात्रता जांच पूरी होने और सरकार के अंतिम निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।
चार साल पूरे होने पर आस
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर 2022 को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम में इन योजनाओं को लेकर होने वाली घोषणाओं पर नजर रहेगी।
