'पत्नी को बिना कारण संपत्ति से बेदखल करने वाली वसीयत संदिग्ध', हिमाचल हाई कोर्ट ने निष्पक्षता पर जताया संदेह
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बिना ठोस कारण पत्नी को संपत्ति से बेदखल करने वाली वसीयत संदिग्ध मानी जाएगी। कोर्ट ने सोलन जिला न्यायाधीश के फैसले को बरकरार रखते हुए एक मामले में वसीयत की निष्पक्षता पर संदेह जताया।

हिमाचल हाई कोर्ट ने पत्नी का नाम वसीयत से काटने के मामले में फैसला सुनाया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बिना ठोस कारण पत्नी को बेदखल करने वाली वसीयत संदिग्ध।
हिमाचल हाई कोर्ट ने सोलन जिला न्यायाधीश का फैसला बरकरार रखा।
वसीयत में पत्नी से संबंधों का जिक्र न होना संदेह का कारण।
विधि संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वसीयत में बिना ठोस कारण बताए पत्नी जैसे प्राकृतिक उत्तराधिकारी को संपत्ति से बेदखल किया जाता है तो ऐसी वसीयत संदिग्ध परिस्थितियों के घेरे में आ जाती है। न्यायाधीश राकेश कैंथला ने जिला न्यायाधीश सोलन के फैसले को बरकरार रखते हुए प्रतिवादी चेत राम की द्वितीय अपील को खारिज कर दिया।
गलत तरीके से दर्ज किया नाम
यह विवाद दिवंगत कृष्णिया की भूमि से जुड़ा था। कृष्णिया की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी (वादी) ने दावा किया कि वह इस भूमि की कानूनी उत्तराधिकारी और काबिज हैं, लेकिन राजस्व रिकॉर्ड में प्रतिवादी चेत राम का नाम गलत तरीके से दर्ज कर दिया है। वादी ने अदालत में बताया कि वह बोलने और सुनने में असमर्थ हैं तथा कृष्णिया बीमारी और वृद्धावस्था के कारण वसीयत करने की स्थिति में नहीं थे।
सेवा से खुश होकर कर दी वसीयत
दूसरी ओर प्रतिवादी चेत राम ने दावा किया कि वह कृष्णिया की सेवा करता था और जमीन पर खेती करता था, जिससे खुश होकर कृष्णिया ने 20 जुलाई 1992 को उसके पक्ष में एक पंजीकृत वसीयत निष्पादित की थी। 18 जनवरी 2008 को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कसौली ने वसीयत को सही मानते हुए वादी का दावा खारिज कर दिया था।
वादी की अपील पर तीन सितंबर 2008 को जिला न्यायाधीश सोलन ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलट दिया। अपीलीय अदालत ने माना कि वादी ही कृष्णिया की पत्नी है और वसीयत में उसे संपत्ति से वंचित रखने का कोई कारण नहीं बताया है, जो वसीयत को संदिग्ध बनाता है।
वसीयत की निष्पक्षता पर संदेह
हाई कोर्ट ने कहा कि वसीयत में कहीं भी वादी के साथ संबंधों का जिक्र नहीं है और न ही उसे विरासत से बेदखल करने का कोई कारण बताया है। कारण का अभाव वसीयत की निष्पक्षता पर गंभीर संदेह पैदा करता है। भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 63 और साक्ष्य अधिनियम की धारा 68 के तहत वसीयत को साबित करने के लिए कम से कम एक गवाह द्वारा दोनों गवाहों की मौजूदगी में वसीयत पर हस्ताक्षर/अंगूठा लगाने की पुष्टि करना अनिवार्य है। इस मामले में गवाह यह साबित करने में विफल रहा कि कृष्णिया ने उसके सामने अंगूठा लगाया था या दूसरे गवाह जीत राम की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी हुई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।