विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'SIR वोट चोरी नहीं, बाबर और औरंगजेब को बसाने की तैयारी...', शिमला में बोले असम CM हिमंत बिस्वा सरमा

Published: Sun, 01 Nov 2026 02:32 PM (IST)

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शिमला में कांग्रेस पर एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों को लेकर निशाना साधा।

एसआईआर वोट चोरी नहीं, बाबर और औरंगजेब को बसाने की तैयारी : हिमंत बिस्वा सरमा।

एसआईआर वोट चोरी नहीं, बाबर और औरंगजेब को बसाने की तैयारी : हिमंत बिस्वा सरमा।

HighLights

  1. हिमंत बिस्वा सरमा ने शिमला में कांग्रेस पर साधा निशाना।

  2. एसआईआर और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा।

  3. ईवीएम पर कांग्रेस के दोहरे रवैये पर उठाए सवाल।

जागरण संवाददाता, शिमला। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शिमला में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में भाग लिया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के विरोध को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर का मुद्दा केवल मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का नहीं है, बल्कि इसके पीछे बाबर और औरंगजेब की विचारधारा को फिर से स्थापित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद का समर्थन करने वाले लोग वोट चोरी के आरोपों के माध्यम से ऐसी राजनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वोट चोरी नहीं करते, बल्कि लोगों का दिल जीतते हैं। राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन फैसलों से सनातनियों के दिल में जगह बनाई है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री के चयन के समय सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में समर्थन होने के बावजूद जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया गया। उन्होंने इसे वोट चोरी करार दिया।

असम के मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली जाकर चुनाव आयोग के समक्ष वोट चोरी और ईवीएम का मुद्दा उठाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि ईवीएम में गड़बड़ी है तो कांग्रेस उसी व्यवस्था के तहत चुनाव जीतकर सत्ता में कैसे आई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस व्यवस्था के माध्यम से सत्ता हासिल की, अब उसी पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा लोगों का विश्वास जीतकर आगे बढ़ रही है। जनसभा में उनके संबोधन का मुख्य केंद्र एसआईआर, कांग्रेस के वोट चोरी के आरोप और हिमाचल सरकार की ओर से ईवीएम को लेकर उठाए गए सवाल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।