Himachal Weather: हिमाचल के लाहौल स्पीति में शून्य से 8 डिग्री लुढ़का पारा, रोहतांग झील पर जमी बर्फ की मोटी चादर
Himachal Weather Update हिमाचल के लाहौल स्पीति में पारा गिरकर शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। रोहतांग दर्रे की झील पूरी तरह से जम गई है और पर्यटक यहां स्कीइंग का लुत्फ उठा रहे हैं। मौसम विभाग ने 23 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लाहौल-स्पीति कुल्लू कांगड़ा और चंबा में वर्षा और हिमपात की संभावना जताई है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में गत डेढ माह से जारी सूखा शीघ्र खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने 23 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लाहौल-स्पीति, कुल्लू, कांगड़ा व चंबा में वर्षा व हिमपात होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 21 व 22 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 24 से 26 नवंबर तक भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
विभाग ने 23 व 24 नवंबर को बिलासपुर व मंडी में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है। वर्षा न होने से लोग गेहूं की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं और फलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
लाहौल स्पीति में सबसे अधिक ठंड
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में लगातार आ रही गिरावट से ठंड बढ़ गई है। प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री नीचे चला गया है, जिससे रातें ठंडी हो गई हैं।
जिला लाहौल स्पीति में सबसे अधिक ठंड है। यहां के तीन शहरों का पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। ताबो, कुकुमसेरी व समधो में बुधवार को न्यूनतम तापमान क्रमशः -8.8, -3.6 व -1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 7.6, सुंदरनगर में 5.8, भुंतर में तीन, कल्पा में 1.2, धर्मशाला में नौ, ऊना में पांच, पालमपुर में छह, सोलन में 4.8, मनाली में 2.4, कांगड़ा में 6.5, मंडी में 6.9, हमीरपुर में 6.7, चंबा में 6.4, कुफरी में सात, बिलासपुर में आठ, जुब्बड़हट्टी में 8.1, डलहौजी में 8.4, नारकंडा में 4.2, सेऊबाग में तीन व रिकांगपिओ में 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे के कारण देरी से पहुंची चार रेलगाड़ियां
हिमाचल में कोहरा कम हो गया है। लेकिन पड़ोसी राज्यों पंजाब व हरियाणा में अभी भी इसका प्रभाव है। इसका असर हिमाचल में आने वाली रेलगाड़ियों पर पड़ रहा है।
दिल्ली से आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस बुधवार सुबह निर्धारित समय से 22 मिनट देरी से 7.02 बजे ऊना पहुंची। वंदे भारत एक्सप्रेस 21 मिनट देरी से 10.54 बजे ऊना पहुंची।
जन शताब्दी बुधवार सुबह 40 मिनट देरी से 9.48 बजे ऊना पहुंची। इसके अलावा साबरमती एक्सप्रेस मंगलवार देर रात 30 मिनट देरी से 11.35 बजे ऊना पहुंची।
13,058 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे की झील जमकर ठोस हो गई है। यह झील पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हिमपात न होने से रोहतांग दर्रा वीरान सा दिख रहा है लेकिन झील जमने की सूचना पाकर पर्यटकों का आना शुरू हो गया है। हिमपात की कमी को जमी हुई झील पूरा कर रही है।
सुबह शाम पारा माइनस के पार पहुंच रहा है
यहां पर्यटक स्कीइंग कर रहे हैं। सुबह व शाम पारा माइनस के पार पहुंच रहा है। बुधवार को रोहतांग दर्रे में 334 पर्यटक वाहन पहुंचे।
पर्यटन कारोबारी तुला, वेद राम व जगदीश ने बताया कि रोहतांग दर्रे की झील जमकर ठोस हो गई है। बुधवार को पर्यटकों ने केवल झील को कैमरों में कैद किया बल्कि स्कीइंग करने का आनंद लिया।
उन्होंने बताया कि हिमपात भले न हुआ हो लेकिन रोहतांग दर्रे में झील के जमने से पर्यटक यहां का रुख करने लगे हैं। रोहतांग दर्रे में दुकानदारी कर रहे हैं।
अब कारोबार चल पड़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्रे में जल्द हिमपात होगा और उनका कारोबार और गति पकड़ेगा।
हालांकि सभी दर्रों में हिमपात नहीं हुआ है लेकिन तापमान लुढ़कने से आस जग गई है। उधर, बुधवार को रोहतांग सहित कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में खिली धूप के बीच फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही जारी रही। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने कहा कि रोहतांग दर्रे पर पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।