Himachal Weather 25th October: हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, आज भी तेवर दिखाएगा मौसम
हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हिमपात से ठंड बढ़ गई है, जबकि मौसम विभाग ने रविवार को भी बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।

अटल टनल के पास हुई बर्फबारी।
HighLights
हिमाचल की ऊंची चोटियों पर हिमपात से बढ़ी ठंड.
वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज.
होटलों में 55 से 70 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी रही.
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला में हिमपात से मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ जगह पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई गई है।
हिमपात की संभावनाओं के बीच वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। इस कारण प्रदेश के होटलों में आक्यूपेंसी 55 से 70 प्रतिशत तक बताई जा रही है।
तापमान में गिरावट
चोटियों पर हिमपात और शिमला सहित कुछ स्थानों पर बादलों और धूप के बीच प्रदेश में केलंग में दिन के तापमान में 6.3 डिग्री की गिरावट आने से अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान मे 1.6 डिग्री की गिरावट के कारण -0.5 डिग्री दर्ज किया गया है। ताबो में अधिकतम तापमान में 2.7, मनाली में 2.4 डिग्री की गिरावट आई है।
प्रदेश में बढ़े पर्यटक
प्रदेश के पर्यटन स्थलों में शिमला और कुफरी में होटलों में आक्यूपेंसी 60 से 70 प्रतिशत जबकि मनाली में 55 से 60, कसौली में 70 प्रतिशत बताई जा रही है। पर्यटकों की आमद के बढ़ने से ट्रैफिक जाम की समस्या राजधानी शिमला, कुफरी सहित अन्य पर्यटन स्थलों में भी रही।
ऊना में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड
प्रदेश में ऊना में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की वृद्धि के साथ प्रदेश में सबसे अधिक 33.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। जबकि बाकी स्थानों पर न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक का अंतर आया है।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 11.0 20.5
- सुन्दरनगर 10.5 27.3
- भुंतर 9.2 27.8
- कल्पा 3.2 15.6
- धर्मशाला 13.6 26.0
- कांगड़ा 13.8 27.4
- ऊना 14.0 33.2
- नाहन 14.7 25.1
- केलंग 0.1 9.4
- सोलन 8.0 24.5
यह भी पढ़ें: हिमाचल में मौसम ने ली करवट, रोहतांग से लेकर अटल टनल तक बर्फबारी; फ्रेश स्नोफॉल होता देख झूम उठे सैलानी
