हिमाचल में मौसम ने ली करवट, रोहतांग से लेकर अटल टनल तक बर्फबारी; फ्रेश स्नोफॉल होता देख झूम उठे सैलानी
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदलने से रोहतांग और अटल टनल सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पर्यटक ...और पढ़ें

अटल टनल रोहतांग के छोर पर शनिवार को हुआ ताजा हिमपात। जागरण
HighLights
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी का दौर शुरू हुआ।
रोहतांग और अटल टनल पर पर्यटकों ने बर्फ का लुत्फ उठाया।
बर्फबारी से मनाली में पर्यटन कारोबार को गति मिली।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को मौसम ने करवट बदल ली। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। बर्फ के दीदार करने रोहतांग पास गए पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों के साथ हुआ। रोहतांग से अटल टनल तक पर्यटक बर्फ के फाहों में झूम उठे। पर्यटकों ने इन हसीन लम्हों को कैमरों में कैद किया। रोहतांग से अटल टनल तक दिनभर रुक-रुककर हिमपात का क्रम जारी रहा।
दर्रों पर सफर जारी
बारालाचा सहित शिंकुला और कुंजम दर्रे में फिलहाल वाहनों की आवाजाही सुचारू है। रोहतांग दर्रे से लेकर अटल टनल रोहतांग तक हुई ताजा बर्फबारी के बाद घाटी में पर्यटकों की रौनक लौट आई है। सुहावने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंच रहे हैं।
587 वाहन पहुंचे रोहतांग
शनिवार को रोहतांग के लिए लगभग 587 परमिट बुक हुए थे। अटल टनल के साउथ पोर्टल, सोलंगनाला, कोकसर और सिस्सू में पर्यटकों ने बर्फ के फाहों और बर्फ से लदे पहाड़ों के नजारों का दीदार किया।

एडवेंचर गेम्स का भी लुत्फ लिया
पर्यटकों ने बर्फ देखने के साथ-साथ साहसिक गतिविधियों का भी भरपूर मजा लिया। सैलानियों ने ट्यूब स्लाइडिंग, स्कीइंग, बंजी जंपिंग और जिपलाइन जैसी एक्टिविटीज में हिस्सा लिया। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी बर्फ में अठखेलियां करते नजर आए। कई पर्यटकों ने बर्फ में फिसलते हुए और बर्फ के गोले बनाकर मस्ती की।
क्या कहते हैं पर्यटन कारोबारी
पर्यटन कारोबारी टशी, पलजोर, तेंजिन व दीपक रावत ने कहा कि ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटक बर्फ देखने के लिए अटल टनल और कोकसर का रुख करेंगे, जिससे पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। वहीं, मनाली के होटल कारोबारी विम्पी बख्शी, अजय अबरोल, विनीत मेहंदीरता व बुद्धि सिंह ने बताया कि सुहावने मौसम के चलते होटलों में एडवांस बुकिंग बढ़ने लगी है। वीकेंड के लिए पर्यटकों की आमद और बढ़ने की उम्मीद है।

क्या कहना है डीएसपी केलंग का
डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने बताया कि अभी दर्रे में यातायात फिलहाल सुचारू है। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही दर्रा आर पार करें और पुलिस द्वारा जारी गाइड लाइन का पालन करें।
