हिमाचल में कुल्लू की पहाड़ियों पर फंसा बिहार का पैराग्लाइडर पायलट, बर्फ और ऊंचाई बनी रेस्क्यू में चुनौती
बीड़-बिलिंग से पैराग्लाइडिंग करते हुए एक पायलट कुल्लू की पहाड़ी पर भारी बर्फ और ऊंचाई के कारण फंस गया है। ...और पढ़ें

हिमाचल में कुल्लू की पहाड़ियों पर बिहार का पैराग्लाइडर पायलट फंस गया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पैराग्लाइडर पायलट कुल्लू की बर्फीली पहाड़ी पर फंसा।
भारी बर्फ और अत्यधिक ऊंचाई बचाव में चुनौती।
हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकालने की आवश्यकता जताई गई।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में बीड़-बिलिंग से पैराग्लाइडिंग करते हुए एक पैराग्लाइडर पायलट कुल्लू की पहाड़ी पर फंस गया। बताया जा रहा है पायलट ने क्रैश लैंडिंग की है। पहाड़ी पर भारी बर्फ और अत्यधिक ऊंचाई होने के कारण उसे सुरक्षित निकालना चुनौती बन गया है। व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से बचाव अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई है। सूचना मिलने के बाद संबंधित स्तर पर आगामी कार्रवाई जारी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 12:20 बजे वरुण सिंह ने कुल्लू नियंत्रण कक्ष को फोन कर अपने मित्र के पहाड़ी पर फंसने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि उनके मित्र गौतम कुमार भारती बीड़-बिलिंग से पैराग्लाइडिंग करते हुए कुल्लू की एक पहाड़ी पर फंस गए हैं।
रेडियो से बना है संपर्क
गौतम कुमार भारती बिहार के दरभंगा जिले के खैरा कुंजी जिला दरभंगा बिहार के निवासी हैं। सूचना के अनुसार, पहाड़ी पर फंसे गौतम कुमार भारती से रेडियो के माध्यम से संपर्क बना हुआ है। उन्होंने अपनी स्थिति की जानकारी देने के लिए जीपीएस निर्देशांक भी भेजे हैं। उनके बताए निर्देशांक 32°07′25″ उत्तरी अक्षांश और 76°58′05.6″ पूर्वी देशांतर हैं। इन निर्देशांकों के आधार पर उनके स्थान का पता लगाने और सुरक्षित बचाव की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
सामान्य तरीके से बचाव मुश्किल
पहाड़ी क्षेत्र में भारी बर्फ और अत्यधिक ऊंचाई के कारण सामान्य तरीके से बचाव करना मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में हेलीकॉप्टर के माध्यम से उन्हें सुरक्षित निकालने की आवश्यकता जताई गई है। फिलहाल गौतम कुमार भारती को सुरक्षित निकालने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
