Himachal Weather 6th October: हिमाचल में 5 दिन तक तेवर दिखाएगा मौसम, आज तीन जिलों में बारिश के आसार
मानसून की विदाई के बाद हिमाचल में 6 से 10 अक्टूबर तक मौसम बिगड़ने की संभावना है, जिसमें अंधड़ और ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में 5 दिन बारिश के आसार हैं।
HighLights
6 से 10 अक्टूबर तक हिमाचल में मौसम बिगड़ने की संभावना।
अंधड़, गरजना और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं।
कुल्लू, शिमला, लाहुल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी के आसार।
राज्य ब्यूरो, शिमला। मानसून की विदाई की बाद हिमाचल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य में 6 से 10 अक्टूबर के दौरान अंधड़, गरजना और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी है। आगामी कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खराब मौसम का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। सोमवार को प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी वर्षा या बर्फबारी दर्ज नहीं की गई।
तीन जिलों में बारिश व बर्फबारी के आसार
मंगलवार और बुधवार को कुल्लू, शिमला और लाहुल-स्पीति जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जबकि चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के दूर-दराज इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी शिमला और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मध्यम दृश्यता रहने की उम्मीद है।
नाहन और शिमला ज्यादा गर्म
नाहन और शिमला सोमवार 5 अक्टूबर को बीते वर्ष की अपेक्षा ज्यादा गर्म रहा। शिमला के अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि बीते वर्ष 2025 में 1 और 2 अक्टूबर को सबसे गर्म दिन रहा और 24.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
नाहन में 0.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 30.8 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि 12 अक्टूबर 2025 को 29.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
34.2 सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 34.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे गर्म रहा। वहीं शिमला में अधिकतम तापमान 25.4 और मनाली में 24.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2 से 11 डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना हुआ है।
कहां कितना तापमान
- स्थान न्यूनतम अधिकतम
- शिमला 14.8 25.4
- सुन्दरनगर 18.8 31.4
- भुंतर 15.6 32.6
- कल्पा 10.0 25.4
- धर्मशाला 17.5 28.0
- कांगड़ा 20.0 31.3
- ऊना 19.7 34.2
- नाहन 20.5 30.8
- केलंग 7.9 24.3
- सोलन 15.0 28.0
यह भी पढ़ें: त्रिउंड ट्रैक: पर्यटकों की ऐसी दीवानगी कि मंदिर की तरह लग गई लाइन, आखिर क्यों टूरिस्ट की पहली पसंद है यह डेस्टिनेशन?
