विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्रिउंड ट्रैक: पर्यटकों की ऐसी दीवानगी कि मंदिर की तरह लग गई लाइन, आखिर क्यों टूरिस्ट की पहली पसंद है यह डेस्टिनेशन?

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 05 Oct 2026 12:26 PM (IST)

तीन दिन के वीकेंड पर हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, धर्मशाला के त्रिउंड ट्रैक पर मंदिर की ...और पढ़ें

धर्मशाला के त्रिउंड ट्रैक पर उमड़ी भीड़।

धर्मशाला के त्रिउंड ट्रैक पर उमड़ी भीड़।

HighLights

  1. त्रिउंड ट्रैक पर पर्यटकों की लंबी कतारें लगीं।

  2. धर्मशाला में 5000 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे।

  3. मैक्लोडगंज के होटलों में 60% से अधिक ऑक्यूपेंसी।

जागरण टीम, धर्मशाला। तीन दिन के वीकेंड हॉलीडे पर हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मनाली, शिमला ही नहीं धर्मशाला में भी पर्यटकों का जमावड़ा लग गया। धर्मशाला पहुंचे भारी तादाद में पर्यटकों ने त्रिउंड ट्रैक का भी रुख किया। पर्यटकों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि ट्रैक पर लोगों का जाम लग गया। मंदिर की तरह ट्रैक मार्ग पर पर्यटकों की लाइनें लग गईं।

पर्यटकों की पहली पसंद

2850 मीटर की ऊंचाई पर स्थित त्रिउंड जाने के लिए पर्यटक उत्साहित रहते हैं, क्योंकि यहां का मौसम व कैंपिंग साइट उन्हें आकर्षित करती है। धौलाधार से सटा यह ट्रैक बेहद खूबसूरत है। यही कारण है कि इन दिनों सुहावने मौसम में पर्यटक त्रिउंड पहुंचकर ठंड के अहसास का आनंद लेते हैं।

Triund Trek 1

खूबसूरत ट्रैक

यह ट्रैक धर्मकोट के गलू से शुरू होता है। 10 किलोमीटर के ट्रैक के बाद पर्यटक धौलाधार की पहाड़ियों के बिल्कुल पास पहुंच जाते हैं। एक तरफ पहाड़ियां और दूसरी तरफ धर्मशाला शहर का नजारा दिखता है। 

क्या है व्यवस्था

त्रिउंड ट्रैक पर टूरिस्ट गाइड के साथ जा सकते हैं। गाइड आपके रहने व ठहरने सहित चाय पानी और खाने की सारी व्यवस्था कर देगा। यहां वन विभाग का एक रेस्ट हाउस भी है, लेकिन उसमें कमरा मिलना मुश्किल रहता है। 

Triund Trek 2

वीकेंड पर 5000 पर्यटक वाहन पहुंचे धर्मशाला

अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटकों के वाहन पहुंचने से शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। रविवार को मैक्लोडगंज मुख्य चौक से लेकर भागसूनाग रोड, धर्मकोट रोड और कैंट रोड तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ा। सप्ताहांत मैक्लोडगंज, धर्मशाला व आसपास में पांच हजार से अधिक वाहन पहुंचे।

होटलों में 60 प्रतिशत आक्यूपेंसी

पर्यटन सीजन में बढ़ती आवाजाही के बीच मैक्लोडगंज के होटलों में आक्यूपेंसी लगभग 60 प्रतिशत से अधिक पहुंच गई। आगामी दिनों में नवरात्र और दशहरा उत्सव के चलते पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पर्यटन सीजन को देखते हुए मैक्लोडगंज और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। साथ ही सड़क की खस्ताहाल स्थिति को दूर कर स्थायी मरम्मत करवाई जाए।

यह भी पढ़ें: वीकेंड पर शिमला में पर्यटकों का जमावड़ा, शोघी बैरियर पर 50000 वाहन दर्ज; होटलों में 80 प्रतिशत आक्यूपेंसी