विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Weather 17th September: हिमाचल में अभी सक्रिय रहेगा मानसून, कब तक होगी विदाई?

By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 17 Sep 2026 06:51 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, जो इस माह के अंत तक होगी। ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा।

HighLights

  1. मानसून की विदाई इस माह के अंत तक होगी।

  2. अगले तीन दिन आंधी-तूफान, बिजली गिरने का अलर्ट।

  3. राज्य में 51 सड़कें अभी भी यातायात के लिए ठप।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश से मानसून की विदाई इस माह के अंत तक होगी। अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार जम्मू के पास बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। 

इस कारण भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। लेकिन 18 सितंबर तक कुछ स्थानों पर तेज आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। इसके बाद 19 से 22 सितंबर के बीच बारिश में कमी आएगी। 

केलंग में ठड, मैदानी क्षेत्र में गर्मी

मंडी सहित प्रदेश के अधिकांश निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तीखी धूप और उमस पसीने छुड़ा रही है। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के केलंग में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। समूचे प्रदेश में उमस का स्तर 60 से 80 प्रतिशत तक बना हुआ है। सूरज निकलने से लेकर अस्त होने तक उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ा रही है। मैदानी क्षेत्रों में अभी भी दोपहर की धूप चुभ रही है।

प्राकृतिक आपदाओं और हादसों में अब तक 315 लोगों की जान जा चुकी है और 3212 करोड़ से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

51 सड़कें बंद

प्रदेशभर में 51 सड़कें अभी भी यातायात के लिए ठप हैं, इनमें सबसे बुरा हाल मंडी जिले का है, जहां 24 सड़कें बंद हैं (अकेले सराज में 21)। कांगड़ा में 10 और कुल्लू में 9 मार्गों पर आवाजाही बाधित है। शिमला के रामपुर में पानी की दो योजनाएं और बिजली का एक ट्रांसफार्मर बंद पड़ा है। प्रशासन बहाली में जुटा है, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन से मुश्किलें आ रही हैं।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में एडवेंचर टूरिज्म शुरू: मनाली की सोलंग घाटी में पैराग्लाइडिंग; ब्यास की लहरों में उतरी राफ्ट; रेट भी तय