हिमाचल में एडवेंचर टूरिज्म शुरू: मनाली की सोलंग घाटी में पैराग्लाइडिंग; ब्यास की लहरों में उतरी राफ्ट; रेट भी तय
हिमाचल प्रदेश में 16 सितंबर से साहसिक पर्यटन गतिविधियां फिर से शुरू हो गई हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय पर्यटन कारोबारियों में खुशी है।

मनाली की सोलंग घाटी में पैराग्लाइडिंग और ब्यास की लहरों में राफ्टिंग शुरू हो गई है। जागरण
HighLights
हिमाचल में 16 सितंबर से साहसिक पर्यटन गतिविधियां बहाल हुईं।
मनाली के सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग, ब्यास में राफ्टिंग शुरू।
अक्टूबर में मनाली में पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप होगा।
जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म शुरू हो गया है। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश में 15 जुलाई से बंद पड़ी साहसिक खेलें आज 16 सितंबर से शुरू हो गई हैं। कुल्लू मनाली में साहसिक खेलें शुरू होने से पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। मनाली से 12 किमी दूर सोलंगनाला घाटी में पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई। यह पैराग्लाइडिंग के लिए सबसे सुरक्षित जगह मानी जाती है।

हालांकि पर्यटन स्थल मढ़ी, मझाच, फोजल में भी पैराग्लाइडिंग होती है, लेकिन पर्यटक सबसे अधिक सोलंगनाला को प्राथमिकता देते हैं। पर्वतारोहण संस्थान मनाली से प्रशिक्षण प्राप्त जिला में सैकड़ों युवा इस साहसिक खेल से जुड़े हैं।
रिवर राफ्टिंग का रोमांच
साहसिक खेलों में रिवर राफ्टिंग भी पर्यटकों की पसंद है। ब्यास नदी में भी अब रिवर राफ्टिंग के शुरू हो जाने से कुल्लू-मनाली हाईवे में रौनक छा गई है। भुंतर से कुल्लू-मनाली के बीच बबेली व पिरड़ी राफ्टिंग के मशहूर स्थल हैं। इस खेल के शुरू होने से पर्यटन को रफ्तार मिलेगी।

रिवर क्रॉसिंग
रिवर क्रॉसिंग खेल भी पर्यटकों को खासा आकर्षित करती है। मनाली के मनालसू नाले में रिवर क्रॉसिंग सबसे सुरक्षित मानी जाती है। इस जगह पर्वतारोहण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त दर्जनों युवा रिवर क्रॉसिंग करवाते हैं।
जिपलाइन भी शुरू
पिछले कुछ समय से जिपलाइन भी पर्यटकों की पसंद बनी है। कुल्लू व मनाली सहित लाहुल में बहुत सी जगह यह खेल युवाओं के रोजगार का साधन बना है। इस खेल के शुरू हो जाने से भी घाटी में रौनक लौटी है।

पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप होगा
मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के चेयरमैन प्रेम चंद और अध्यक्ष वेद राम ठाकुर ने कहा कि साहसिक खेल शुरू होने से पर्यटन करोबार गति पकड़ेगा। पांच से आठ अक्टूबर तक आयोजित होने जा रहे पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप 2026 को लेकर मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन तैयारी में जुट गई है। इस प्रतियोगिता में देश-दुनिया के टॉप पायलट हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्री वर्ल्ड कप में दस से अधिक देशों के पायलट भाग लेंगे।
प्रशासन के निर्देश
सभी ऑपरेटरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे उपकरणों की जांच करने के बाद ही पर्यटकों को साहसिक गतिविधियों का हिस्सा बनाएं, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
-रोहित शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी, कुल्लू।
कितनी है फीस
पर्यटन विभाग की ओर से रिवर राफ्टिंग करने वालों के लिए तीनों साइट में प्रति व्यक्ति 500 से 3000 रुपये फीस निर्धारित की गई है। पैराग्लाइडिंग करने वाले व्यक्तियों के लिए 3500 रुपये प्रत्येक व्यक्ति फीस तय है।
बरसात में रहती है रोक
हिमाचल प्रदेश में मानसून के कारण पिछले दो महीनों (15 जुलाई से 15 सितंबर) से बंद पड़े पैराग्लाइडिंग और रिवर राफ्टिंग सहित सभी साहसिक खेल आधिकारिक तौर पर 16 सितंबर से दोबारा शुरू हो गए हैं। सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बरसात के मौसम में इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। मौसम साफ होते ही और नदियों का जलस्तर सामान्य होने के बाद पर्यटन विभाग की ओर से इन खेलों को फिर से हरी झंडी दे दी गई है।
बरसात में भी चला पर्यटन कारोबार
इस बार बरसात में भी सड़कें ठीक रहने से पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की चहल कदमी देखने को मिली है। साहसिक खेलें बंद होने के बाद से पर्यटकों की आमद भी कम हुई थी लेकिन अब पर्यटन कारोबार फिर से पटरी पर लौटेगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में उभरा नया पर्यटन स्थल, भगवान के सिंहासन का प्रतीक गोमो रंजन पर्वत बना हॉट स्पॉट; मनाली से 155 KM दूरी
