80 रुपये का एक फल, हिमाचल में एवोकाडो का दाम बेहतर पर उत्पादन की राह कठिन; विभाग ने प्लान बी किया तैयार
हिमाचल में एवोकाडो की खेती उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हो पाई है, बावजूद इसके अच्छे दाम हैं। अब बागवानी विभाग ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

हिमाचल प्रदेश में एवोकाडो का उत्पादन मुश्किल है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल में एवोकाडो की खेती में पाला बड़ी चुनौती।
बागवानी विभाग अब ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट पर केंद्रित।
पालमपुर विश्वविद्यालय में ब्लूबेरी की किस्में सफल रहीं।
यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। हिमाचल प्रदेश में बागवानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सेब के विकल्प के तौर पर महंगे विदेशी फलों की खेती को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि बाजार में एक फल के 60 से 80 रुपये तक दाम और अच्छी मांग वाला एवोकाडो भी प्रदेश में उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं दे पाया है।
ऐसे में अब बागबानी विभाग का जोर ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाले फलों के उत्पादन पर रहेगा। एवोकाडो की खेती के लिए 800 से 1600 मीटर तक की ऊंचाई, 12 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान और सालाना 700 से 2000 मिलीमीटर वर्षा को उपयुक्त बताया गया है।
प्रदेश में सर्दियों के दौरान पड़ने वाला पाला, जमावबिंदु से नीचे जाने वाले तापमान और गर्मियों में नमी की कमी इसकी खेती के लिए बड़ी चुनौती बन रही है।
गर्म मौसम में बेहतर उत्पादन
एवोकाडो के पौधे गर्म और उपोष्णकटिबंधीय नम जलवायु में बेहतर फल देते हैं। तेज गर्म और शुष्क हवाओं के साथ पाले से पौधों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। डा. वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी ने एवोकाडो की खेती के लिए एडहाक पैकेज आफ प्रैक्टिसेज भी जारी किया है। इसमें हिमाचल के उपोष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में इसकी व्यावसायिक खेती की संभावनाएं बताई गई हैं।
धौलाकुआं में हो रहा अनुसंधान
विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र धौलाकुआं में भी एवोकाडो पर काम हो रहा है। हालांकि वहां पर सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं। रिकार्ड के अनुसार 2023 से 2026 तक एवोकाडो सहित कई उच्च मूल्य वाले फलों को बढ़ावा देने के लिए 32 लाख रुपये का प्रोजेक्ट चल रहा है। इसके अतिरिक्त 2025-26 में मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में एवोकाडो के प्रदर्शन परीक्षण के लिए पांच लाख रुपये का अलग प्रोजेक्ट स्वीकृत है।
हमीरपुर के नेरी स्थित बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय में भी एवोकाडो के पौधों पर प्रयोग किए गए। वर्ष 2023 में संस्थान ने किसानों को फील्ड ट्रायल के लिए 700 से अधिक पौधे वितरित किए थे। ऐसे में इसके सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं।
ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट से नई उम्मीद
अब सरकार का जोर ब्लूबेरी और ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने पर है। ब्लूबेरी के लिए हिमाचल के मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं। पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में इसकी विभिन्न किस्मों पर परीक्षण किए गए हैं। ज्वेल, मिस्ट्री, शार्पब्लू और गल्फकोस्ट जैसी किस्मों ने अच्छे परिणाम दिए हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षणों में कुछ किस्मों से प्रति पौधा दो से चार किलोग्राम तक उत्पादन दर्ज किया गया है। कुल्लू स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में भी ब्लूबेरी की किस्मों का मूल्यांकन और खेती की तकनीक विकसित करने का काम चल रहा है।
ड्रैगन फ्रूट के लिए अपेक्षाकृत गर्म जलवायु वाले निचले और मध्य पहाड़ी क्षेत्र अधिक संभावनाशील हैं। इसके लिए जल निकासी, सिंचाई और सहारे की उचित व्यवस्था जरूरी होगी। वहीं एचपी शिवा परियोजना के तहत भी एवोकाडो, ब्लूबेरी, ड्रैगन फ्रूट जैसे विदेशी फलों के लिए नए किसान क्लस्टर बनाने की व्यवस्था की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।