हिमाचल के सरकारी स्कूलों में नेतृत्व संकट, पदोन्नति में देरी के कारण रिक्त पड़े सैकड़ों पद; लेक्चरर इंतजार में
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 441 प्रधानाचार्य पद खाली हैं, जिससे नेतृत्व संकट गहरा गया है। पदोन्नति में देरी के कारण कई प्रवक्ता बिना प्रधानाचार्य बने सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

हिमाचल के स्कूलों में प्रिंसिपल के पद रिक्त चल रहे हैं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हिमाचल के 441 सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्य पद खाली।
पदोन्नति में देरी से प्रवक्ता बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त हो रहे।
शिक्षा मंत्री ने जल्द पदोन्नति सूची जारी करने का आश्वासन दिया।
अनिल ठाकुर, शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद लंबे समय से खाली रहने का सबसे बड़ा कारण पदोन्नति प्रक्रिया में देरी है। प्रदेश के 441 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्यों के बिना चल रहे हैं। इसका असर न केवल स्कूलों के प्रशासनिक संचालन पर पड़ रहा है, बल्कि पात्र प्रवक्ताओं के करियर पर भी पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई प्रवक्ता प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति का इंतजार करते हुए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
स्कूलों में नेतृत्व संकट
प्रदेश में प्रधानाचार्यों के कुल 2010 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 441 रिक्त हैं। सरकार ने इन पदों की कमी को देखते हुए उपप्रधानाचार्यों (प्रवक्ताओं) को डीडीओ पावर तो सौंप दी है, लेकिन नियमित पदोन्नति नहीं होने से स्कूलों में नेतृत्व का संकट बना हुआ है।
काम्पलेक्स प्रणाली लागू होने के बाद प्रधानाचार्यों को अपने वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ अधीनस्थ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों की व्यवस्था भी देखनी होती है। ऐसे में रिक्त पदों का असर एक स्कूल तक सीमित न रहकर पूरे स्कूल समूह पर पड़ रहा है।
औपचारिकताएं पूरी नहीं, कई प्रवक्ता बिना प्रधानाचार्य बने हो रहे सेवानिवृत्त
स्कूल प्रवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय नेगी ने बताया कि इस मुद्दे को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव और निदेशक स्कूल शिक्षा के समक्ष उठाया गया है। जल्द पदोन्नति सूची जारी करने का आश्वासन मिला था, लेकिन अभी तक वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी नहीं हुई हैं। इससे पात्र प्रवक्ताओं की पदोन्नति अटकी हुई है और कई बिना प्रधानाचार्य बने ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। नेगी ने कहा कि उपप्रधानाचार्यों को प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारियां निभाने के साथ शिक्षण कार्य भी करना पड़ रहा है। वार्षिक परीक्षाओं में परिणाम खराब आने पर शिक्षकों की इंक्रीमेंट रोकने का खतरा भी रहता है। संघ ने सरकार से मांग की है कि पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाकर जल्द सूची जारी की जाए, ताकि स्कूलों को नियमित नेतृत्व मिल सके और पात्र शिक्षकों को उनका अधिकार मिल पाए।
चरणबद्ध तरीके से होगी पदोन्नति : शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि संघ का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था। प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है। विभाग चरणबद्ध तरीके से पदोन्नतियां कर रहा है और जल्द ही सूची जारी कर दी जाएगी।
शिक्षकों के 14754 पद भी रिक्त
प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के कुल 82,564 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 14,754 पद खाली पड़े हैं।
यह भी पढ़ें: 'भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के बाद नियमों को चुनौती नहीं दी जा सकती', हिमाचल हाई कोर्ट ने सुनाया अहम फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।