विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: अब अंग्रेजी में बनेंगे स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट, स्पेलिंग में गड़बड़ी पर शिक्षा विभाग सख्त

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:06 AM (GMT+05:30)

शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट अब अंग्रेजी में जारी करें ताकि नाम की स्पेलिंग की गलतियों को रोका जा सके।

हिमाचल शिक्षा विभाग (फाइल फोटो)

हिमाचल शिक्षा विभाग (फाइल फोटो)

HighLights

  1. स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट अब अंग्रेजी में जारी होंगे

  2. स्पेलिंग की गलतियों को रोकने का यह मुख्य उद्देश्य है

  3. विद्यार्थियों के रिकॉर्ड और रजिस्टर भी अंग्रेजी में रखे जाएंगे

राज्य ब्यूरो, शिमला। स्कूल छोड़ने के बाद विद्यार्थियों को मिलने वाले प्रमाणपत्रों में नाम की स्पेलिंग की गलती अब परेशानी नहीं बनेगी। शिक्षा विभाग ने स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट हिंदी के बजाय अंग्रेजी भाषा में जारी करने के निर्देश दिए हैं।

स्कूलों को विद्यार्थियों से संबंधित रिकॉर्ड और रजिस्टर भी अंग्रेजी में रखने होंगे। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के नाम की बर्तनी में एकरूपता बनी रहेगी और भविष्य में प्रमाणपत्रों में होने वाली गलतियों पर अंकुश लगेगा।

निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली की ओर से सभी जिलों के उपनिदेशकों को पत्र जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कई स्कूलों की ओर से जारी किए जा रहे स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट में विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में गलतियां हो रही हैं।

हिंदी भाषा में प्रमाणपत्र जारी करने के दौरान नाम की बर्तनी अलग-अलग लिखे जाने से यह समस्या सामने आ रही है। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, दूसरे स्कूलों में दाखिला और अन्य दस्तावेजी औपचारिकताओं के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रमाणपत्र ही नहीं, बल्कि स्कूलों में रखे जाने वाले संबंधित रिकार्ड और रजिस्टर भी अंग्रेजी भाषा में होने चाहिए। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के नाम, माता-पिता के नाम और अन्य विवरणों में एकरूपता बनाए रखना है।

इसे देखते हुए निदेशक स्कूल शिक्षा ने सभी उपनिदेशकों को अपने अधीन आने वाले सरकारी और निजी स्कूलों में इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करवाने को कहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।