विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

800 से 2000 रुपये KG तक कीमत, हिमाचल सरकार ब्लूबेरी की खेती के लिए देगी 70% सबसिडी; 25 हजार पौधे बंटेंगे

By Yadvinder Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 26 Oct 2026 06:39 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में सेब उत्पादन पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को देखते हुए अब ब्लूबेरी की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में ब्लूबेरी के 25 हजार पौधे वितरित किए जाएंगे। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में ब्लूबेरी के 25 हजार पौधे वितरित किए जाएंगे। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. हिमाचल में ब्लूबेरी की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहन।

  2. पालीहाउस निर्माण पर बागवानों को 70% अनुदान।

  3. उच्च बाजार मूल्य से बागवानों की आय में वृद्धि।

राज्य ब्यूरो, शिमला। जलवायु परिवर्तन और मौसम की मार से सेब उत्पादन व बागवानों की आमदनी पर बढ़ते संकट के बीच हिमाचल में अब ब्लूबेरी की व्यावसायिक खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा। बागवानी विभाग बागवानों को इसके पौधे उपलब्ध करवाएगा। हालांकि, शुरुआत में पांच लाख तैयार पौधों में से 25 हजार पौधे ही वितरित किए जाएंगे। उच्च बाजार मूल्य वाली इस फसल से बागवानों को कम क्षेत्र में बेहतर आमदनी का विकल्प देने की तैयारी है।

खुले खेतों में नहीं की जा सकती खेती

ब्लूबेरी की खेती सेब की तरह खुले खेतों में नहीं की जा सकती। इसके लिए पालीहाउस और नियंत्रित माध्यम में मिट्टी या उगाने वाले सब्सट्रेट की उचित अम्लीयता बनाए रखना जरूरी है। 

70 प्रतिशत अनुदान

पात्र बागवानों को निर्धारित शर्तों के तहत पालीहाउस निर्माण पर 70 प्रतिशत से अधिक अनुदान देने का प्रविधान है। आधुनिक तकनीक से इसकी खेती कर बागवान सीमित क्षेत्र में उच्च मूल्य वाली फसल तैयार कर सकते हैं।

5 लाख पौधे तैयार

बागवानी विभाग ने प्रदेश में ब्लूबेरी की 12 उन्नत किस्मों के करीब पांच लाख पौधे तैयार किए हैं। शुरुआती चरण में इनमें से 25 हजार पौधे ही बागवानों को दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पालमपुर, नौणी, शिलारू, क्वागधार और नम्होल में एक-एक एकड़ क्षेत्र में ब्लूबेरी के प्रदर्शन बाग स्थापित किए गए हैं, जिनके शुरुआती परिणाम सकारात्मक बताए जा रहे हैं। 

ब्लूबेरी के पौधे की कीमत

एक पौधे की कीमत करीब 600 रुपये बताई गई है। पौधे ग्रो बैग में उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी होगी। एक ग्रो बैग में एक पौधा लगाया जाएगा, जबकि तीन पौधों के पैकेज की कीमत 1500 से 2000 रुपये तक बताई गई है। 500 वर्गमीटर के पालीहाउस में करीब 500 पौधे लगाए जा सकते हैं।

800 से 2000 रुपये किलो तक कीमत

ब्लूबेरी की खेती का आकर्षण इसकी बाजार कीमत भी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, गुणवत्ता और बाजार की परिस्थितियों के आधार पर इसकी कीमत 800 से 2000 रुपये प्रति किलोग्राम तक हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी मांग है, जिससे इसे उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों में जगह मिली है।

यह है विशेषता

ब्लूबेरी में एंथोसायनिन, फाइबर और विटामिन सहित कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके एंटीआक्सिडेंट गुणों के कारण भी इसकी मांग बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें: हल्दी की खेती से भर रही किसानों की जेब, हिमाचल में बढ़ा रुझान; बैजनाथ के सुनपुर में महिलाओं ने तैयार की फसल