विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में 109 दिन के संघर्ष के बाद प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सहमति, 15 नवंबर का धरना स्थगित; जारी रहेगा अनशन

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:45 AM (IST)

109 दिनों के संघर्ष के बाद हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सहमति जताई है। 15 ...और पढ़ें

हिमाचल में 109 दिन के संघर्ष के बाद प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सहमति (फाइल फोटो)

हिमाचल में 109 दिन के संघर्ष के बाद प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सहमति (फाइल फोटो)


HighLights

  1. 109 दिन के संघर्ष के बाद प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर सहमति

  2. 15 नवंबर का प्रस्तावित धरना स्थगित, क्रमिक अनशन जारी रहेगा

  3. स्कूल कॉम्प्लेक्स और मिड-डे मील व्यवस्था में बदलाव होगा

राज्य ब्यूरो, शिमला। 109 दिन तक चले आंदोलन, 15 दिन की पैदल न्याय यात्रा और चौड़ा मैदान में शक्ति प्रदर्शन के बाद आखिरकार प्राथमिक शिक्षकों की मांगों पर शिक्षा विभाग ने सहमति जता दी है।

बुधवार को अवकाश के दिन शिक्षा निदेशालय में हुई मैराथन बैठक में 25 सूत्रीय मांगपत्र के अधिकांश मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया है।

शिक्षकों के आंदोलन के दौरान विभाग की ओर से जारी नोटिस भी वापस ले लिया गया है। हालांकि, शिक्षक अभी आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक सहमति के अनुसार मांगों की अधिसूचनाएं और विभागीय आदेश जारी नहीं होते, तब तक निदेशालय के बाहर क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आशीष कोहली की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षकों की उन मांगों पर भी सहमति बनी, जिन्हें लेकर लंबे समय से विभाग और संघ के बीच गतिरोध बना हुआ था।

स्कूल कॉम्प्लेक्स के प्रविधानों में बदलाव

शिक्षकों की प्रमुख मांग स्कूल काम्प्लेक्स प्रणाली को समाप्त करने की थी। बैठक में इस पर लंबी चर्चा हुई। बैठक में व्यवस्था के कुछ प्रविधानों को हटाने पर सहमति बनी है।

प्राथमिक शिक्षा का प्रशासनिक नियंत्रण पहले की तरह केंद्रीय मुख्य शिक्षकों, मुख्य शिक्षकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों के पास रहेगा। किन प्रविधानों में बदलाव होगा, यह अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होगा।

सरकारी स्कूलों में खाली पड़े करीब पांच हजार जेबीटी पदों को भरने की प्रक्रिया तेज होगी। संघ ने बंद किए गए स्कूलों के पदोन्नति वाले पदों को दूसरे स्कूलों में स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई, ताकि स्कूल बंद होने का खामियाजा शिक्षकों की पदोन्नति पर न पड़े। नर्सरी कक्षाओं के बच्चों की संख्या को भी स्कूल के कुल नामांकन में शामिल करने पर चर्चा हुई। इस पर भी विभाग ने सहमति जताई है।

अलग होगी मिड-डे मील और एसएमसी की व्यवस्था

स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली के तहत प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों की मिड-डे मील व्यवस्था को एक साथ कर दिया गया था। अब इसे दोबारा अलग-अलग संचालित करने पर सहमति बनी है। दोनों स्तरों की स्कूल प्रबंधन समितियां भी अलग रहेंगी।

इससे प्राथमिक स्कूलों का अपना प्रशासनिक और प्रबंधन ढांचा कायम रहेगा। प्राथमिक स्कूलों में बंद हुई अंडर-12 खेल प्रतियोगिताएं दोबारा शुरू होंगी। इससे बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए जिला और राज्य स्तर तक मंच मिलेगा। वहीं, आंदोलन के दौरान शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज एफआइआर और विभागीय कार्रवाई वापस लेने पर सहमति से शिक्षकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री की बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग और संघ की संयुक्त बैठक होगी। इसमें बुधवार को बनी सहमति के प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी दी जाएगी।

अगले सात से दस दिनों में मांगों को लागू करने की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिसूचनाएं जारी होने तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

11 जुलाई को शुरू हुआ था संघर्ष

11 जुलाई को शिक्षकों की पैदल न्याय यात्रा शिमला पहुंची थी। 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में धरना देने के बाद क्रमिक अनशन शुरू हुआ। दो अक्टूबर से शिक्षक काले बिल्ले लगाकर विरोध जता रहे थे।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद आंदोलन जारी रहा। अब 109 दिन बाद सहमति बनने से टकराव कम होने का रास्ता खुला है, लेकिन सरकार के सामने अगली चुनौती इन फैसलों को समयबद्ध तरीके से लागू करने की है।




देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।