हिमाचल में बढ़ा क्राइम ग्राफ, 3 साल में हत्या-दुष्कर्म के 8968 मामले दर्ज; बंदरों से किसानों को करोड़ों का नुकसान
हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में 8968 आपराधिक मामले दर्ज हुए, जिनमें चोरी, दुष्कर्म और छेड़छाड़ शामिल हैं, और 5218 मामले अदालतों में लंबित हैं।
-1795228751100_m.webp)
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू। फाइल फोटो
HighLights
8968 आपराधिक मामले दर्ज, 5218 अदालतों में लंबित।
अस्पतालों में डॉक्टर-नर्सों के सैकड़ों पद खाली पड़े हैं।
आवारा पशुओं से किसानों को करोड़ों का सालाना नुकसान हो रहा।
राज्य ब्यूरो, धर्मशाला। प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में हत्या, दुष्कर्म, छेड़छाड़, उत्पीड़न, शोषण, चोरी और डकैती के कुल 8968 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें चोरी के सर्वाधिक 4130, छेड़छाड़-उत्पीड़न व शोषण के 3128, दुष्कर्म के 1386, हत्या के 313 और डकैती के 11 मामले शामिल हैं।
इनमें से 6016 मामलों में चालान तैयार कर अदालतों में पेश किए गए, जबकि 5218 मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं। 215 मामलों में सजा हुई है। विधायक रणधीर शर्मा के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने यह जानकारी दी।
अस्पतालों में डाक्टरों के 403 और नर्सों के 598 पद खाली
राज्य के सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों के 403, नर्सों के 598 और विशेषज्ञ चिकित्सकों के 231 पद रिक्त चल रहे हैं। विधायक जेआर कटवाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने यह जानकारी दी।
दो साल में 11,390 सड़कें क्षतिग्रस्त
विधायक त्रिलोक जम्वाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया कि बीते दो सालों में 11,390 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनके रखरखाव और मरम्मत पर लोक निर्माण विभाग ने 901.66 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
वहीं, प्रदेश में लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय उच्च मार्ग विंग के तहत 13 राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हुए, जिनकी मरम्मत पर 50.60 करोड़ रुपये व्यय किए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के अधीन चार राष्ट्रीय राजमार्गों को हुए नुकसान की मरम्मत पर 114.21 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
आवारा पशुओं और बंदरों से 229 करोड़ का सालाना नुकसान
विधायक त्रिलोक जम्वाल के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया कि प्रदेश में आवारा पशुओं, बंदरों और अन्य जंगली जानवरों की बढ़ती संख्या किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। इनके कारण प्रदेश में करीब 1.56 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित है।
इससे किसानों को सालाना लगभग 229 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। कुछ मामलों में फसलों की सामान्य पैदावार का 89 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा है। कई किसानों ने जंगली जानवरों और आवारा पशुओं के आतंक के कारण खेती करना तक छोड़ दिया है।
गैर सरकारी संगठन ज्ञान-विज्ञान समिति के अध्ययन में प्रदेश में जंगली जानवरों से हर वर्ष 400 से 500 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
वहीं, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के प्रश्न के उत्तर में सरकार ने बताय कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में उद्यान विभाग ने एमआइएस के तहत बागवानों का 109.60 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष और लंबित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।