Move to Jagran APP

Himachal Pradesh Weather: वर्षा-हिमपात ने उतारी गर्मी, फसलों को मिली संजीवनी; किसानों को मिली राहत

हिमाचल प्रदेश में वर्षा-हिमपात ने बढ़ती गर्मी से राहत दी है। इससे सूखे की मार झेल रहे किसानों-बागवानों को राहत मिली है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से नुकसान की भी सूचना है। तापमान गिरने से साढ़े चार हजार करोड़ रुपये की सेब आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaSun, 19 Mar 2023 09:08 AM (IST)
Himachal Pradesh Weather: वर्षा-हिमपात ने उतारी गर्मी, फसलों को मिली संजीवनी; किसानों को मिली राहत
वर्षा-हिमपात ने उतारी गर्मी, फसलों को मिली संजीवनी; किसानों को मिली राहत

राज्य ब्यूरो, शिमला : हिमाचल में लंबे अंतराल के बाद हुई वर्षा से कृषि व बागवानी को संजीवनी मिली है। कई क्षेत्रों में शुक्रवार को जारी वर्षा का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। इससे सूखे की मार झेल रहे किसानों-बागवानों को राहत मिली है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि से नुकसान की भी सूचना है। तापमान गिरने से साढ़े चार हजार करोड़ रुपये की सेब आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। भूमि में नमी होने से गेहूं के दाने का आकार बेहतर होगा।

सूखे के कारण कृषि को15 प्रतिशत नुकसान का लगाया जा रहा अनुमान 

सूखे के कारण कृषि और बागवानी को 15 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा था। वहीं, मार्च के पहले पखवाड़े में अप्रैल जैसी गर्मी झेल रहे लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। शनिवार को सोलंगनाला के समीप अंजनी महादेव, धुंधी, अंजनी महादेव, फातरु, अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर सहित सिस्सू में बर्फ के फाहे गिरे। पुलिस ने दोपहर को पर्यटकों को सोलंगनाला में रोक दिया। सुबह फोर व्हील ड्राइव वाहनों में अटल टनल रोहतांग व सिस्सू पहुंचे पर्यटकों ने हिमपात का आनंद उठाया।

चंबा जिला के पांगी के शौर सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब चार इंच तक हिमपात हुआ है। सिरमौर जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में डेढ़ फीट बर्फ गिरी। चूड़धार के अलावा जमनाला, कालाबाग, आइनधार आदि क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। चूड़धार में चार दिन से विद्युत आपूर्ति ठप है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए आंधी व ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। रोहली के पास भूस्खलन होने से तांदी-किलाड़ मार्ग अवरुद्ध हो गया है। प्रदेश में करीब 40 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।

हरिपुरधार के बड़ियाल्टा में बिजली गिरने से मकान जला

सिरमौर जिला के हरिपुरधार की बड़ियाल्टा बस्ती में शुक्रवार रात बिजली गिरने से विधवा गणेशो देवी का मकान जल गया। एक गाय भी झुलसने से मर गई। हालांकि, इस दौरान घर पर कोई नहीं था, लेकिन विधवा का परिवार बेघर हो गया है। परिवार अब पड़ोसी के घर रह रहा है। बीडीसी अध्यक्ष संगडाह मेलाराम शर्मा ने पीड़ित परिवार को कुछ कपड़े व बर्तन दिए हैं। नायब तहसीलदार मदन लाल ने बताया कि पटवारी को नुकसान का जायजा लेने का निर्देश दिया है।

अन्न्दाता को नहीं मिली राहत, वर्षा और ओलावृष्टि से फसलें खेतों में बिछीं

उत्तर भारत में अचानक बदले मौसम के तेवरों से किसानों के चेहरे का रंग उड़ गया है। एक तरफ वर्षा और ओलावृष्टि ने बढ़ती गर्मी से राहत दी है तो दूसरी ओर कई राज्यों में खेत में खड़ी फसल बिछ गई है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ला तय है। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में इतनी ओलावृष्टि हुई कि सड़क पर बर्फ की चादर बिछ गई।

वहीं, बिहार के ज्यादातर जिलों में शनिवार को ओलावृष्टि तो नहीं हुई, लेकिन वर्षा को देखते हुए आरेंज अलर्ट अब भी जारी है। वहीं, मध्य प्रदेश में कटी रखी फसल के साथ चना, गेहूं, केला, मक्का सहित अन्य फसलों को भी नुकसान हुआ है। वहीं, हिमाचल में सेब के बागवानों को मौसम ठंडा होने से कुछ राहत मिली है।

उत्तर प्रदेश में सात की मौत

सोनभद्र में आधे घंटे की बारिश से बैतरा नाले में अचानक पानी बढ़ा और इसके तेज प्रवाह ने पांच जिंदगियां लील लीं। चार शव बरामद हो गए हैं, जबकि एक महिला की तलाश अब भी जारी है। रामपुर बरकोनिया में ही ओले की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने से सहारनपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

पहाड़ों में हिमपात, मैदान में वर्षा-ओलावृष्टि से लुढ़का पारा

उत्तराखंड में बदरीनाथ-केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में ओलावृष्टि हुई। इससे कई शहरों में पारा आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। जबकि, देहरादून समेत कई स्थानों पर वर्षा ने नया रिकार्ड स्थापित किया है।

24 घंटे के दौरान हुई वर्षा (मिलीमीटर में)

स्थान          वर्षा

केलंग         1.4

डलहौजी      41

धर्मशाला   15.3

पालमपुर   12.2