Himachal Weather: हिमाचल में अभी नहीं थमेगा बारिश और बर्फबारी का दौर, 3 दिन के लिए अलर्ट और एडवायजरी जारी
Himachal Weather Alert, हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 जनवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया ...और पढ़ें

जिला चंबा के पांगी में हुआ भारी हिमपात। जागरण
HighLights
हिमाचल में 26-28 जनवरी तक भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट।
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा।
अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम चेतावनी पालन की अपील।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इस चलते 26 से 28 जनवरी तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस दौरान विशेष रूप से ऊचाई वाले एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक रहेगा।
आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) द्वारा निर्देश में सभी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों को जिला आपातकालीन संचालन केंद्र 24×7 सक्रिय रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन को दिए गए निर्देश
बर्फबारी और बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लिए आपातकालीन व निकासी योजनाओं की समीक्षा, आम जनता, पर्यटकों और यात्रियों के लिए समय पर चेतावनी व सलाह जारी करे। शहरी निचले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी विभागों की जिम्मेदारियां तय की है।
सड़कों की शीघ्र बहाली हो
लोक निर्माण विभाग को रणनीतिक स्थानों पर जेसीबी, स्नो-कटर सहित बर्फ हटाने की मशीनों की तैनाती और सड़कों की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत बोर्ड को बैकअप सुनिश्चित करने को कहा
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित बहाली के लिए आपातकालीन टीमें तैयार रखने तथा आवश्यक सेवाओं के लिए पावर बैकअप सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जल शक्ति विभाग को बर्फबारी व जोखिम वाले क्षेत्रों में पेयजल और स्वच्छता सेवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
बर्फबारी प्रभावित मार्गों पर यातायात नियंत्रण, पर्यटकों को उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने तथा यात्रा परामर्श जारी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने सभी विभागों को राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र और जिला आपातकालीन केंद्रों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और दैनिक स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम की चेतावनी का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।