विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Himachal Snowfall: लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन का पहला हिमपात, टूरिस्ट के लिए जोखिमभरा हुआ सफर; एडवायजरी जारी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 27 Sep 2026 02:38 PM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2026 03:10 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है, लाहुल-स्पीति के काजा और किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की ...और पढ़ें

लाहुल स्पीति में रविवार को हुई बर्फबारी।

लाहुल स्पीति में रविवार को हुई बर्फबारी।

HighLights

  1. लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई।

  2. बर्फबारी से तापमान में 10-11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।

  3. पर्यटकों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के लिए सावधानी बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। लाहुल-स्पीति के काजा में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। किन्नौर के भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। हिमपात से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। किन्नौर के पूह उपमंडल के कुन्नू-चरंग और छितकुल तथा लाहौल-स्पीति की स्पीति घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है।

बर्फबारी के कारण लोसर, काजा, ताबो और कल्पा समेत कई इलाकों के अधिकतम तापमान में 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।

शिमला से काजा का सफर जोखिम भरा

इन दिनों शिमला से कल्पा, समदो और काजा होते हुए कुंजम पास से मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, जिनमें पश्चिम बंगाल के पर्यटक अधिक हैं। हल्के हिमपात के बीच वाहनों की आवाजाही फिलहाल सुचारू है, लेकिन खतरा बढ़ गया है। 

29 सितंबर तक तेवर दिखाएगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 29 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि शिंकुला और बारालाचा दर्रे में फिलहाल धूप खिली है, लेकिन शाम तक इन क्षेत्रों में भी हिमपात की संभावना जताई जा रही है।

पर्यटकों के लिए एडवायजरी

डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने बताया कि सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब कभी भी भारी बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि मौसम के हालत को देखकर ही दर्रे पर सफर करें।

बर्फबारी से पर्यटन कारोबारी चहके

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि हिमपात से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि दशहरा व दिवाली सीजन की तैयारी चल रही है। इस बार त्योहारी सीजन में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है। 

यह भी पढ़ें: किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु और 10 गाइड बर्फबारी में फंसे, बर्फीले तूफान में देवदूत बनी हिमाचल पुलिस