विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु और 10 गाइड बर्फबारी में फंसे, बर्फीले तूफान में देवदूत बनी हिमाचल पुलिस

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 27 Sep 2026 02:08 PM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2026 02:39 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में किन्नौर कैलाश यात्रा के दौरान अचानक हुई बर्फबारी में 16 श्रद्धालु और 10 पोर्टर-गाइड फंस गए। पुलिस ...और पढ़ें

किन्नौर की पहाड़ियों की हुई बर्फबारी और किन्नौर कैलाश पर्वत।

किन्नौर की पहाड़ियों की हुई बर्फबारी और किन्नौर कैलाश पर्वत।

HighLights

  1. 16 श्रद्धालु और 10 पोर्टर-गाइड बर्फबारी में फंसे।

  2. हिमाचल पुलिस और होमगार्ड ने सभी को सुरक्षित निकाला।

  3. बंद यात्रा पर जाने के खिलाफ एसपी ने अपील की।

समर नेगी, रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश में पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए 16 श्रद्धालु और 10 पोर्टर व गाइड फंस गए। शनिवार को गणेश पार्क के समीप ऊंचाई वाले क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हुआ और बर्फबारी शुरू हो गई। भारी बर्फबारी शुरू होने व बर्फीली हवाएं चलने के कारण श्रद्धालु व गाइड आगे चल पाने में असमर्थ हो गए। 

सूचना मिलने के बाद पुलिस और होमगार्ड की क्यूआरटी ने अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर नीचे पहुंचाया। जिला प्रशासन की ओर से किन्नौर कैलाश यात्रा 23 अगस्त को आधिकारिक रूप से बंद कर दी गई है, लेकिन इसके बावजूद कुछ स्थानीय गाइडों द्वारा चोरी-छिपे श्रद्धालुओं को यात्रा करवाई जा रही है। 

राजस्थान और गुजरात के थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, राजस्थान और गुजरात से आए श्रद्धालु कुछ स्थानीय गाइडों के माध्यम से आधिकारिक रूप से बंद हो चुकी किन्नौर कैलाश यात्रा पर निकले थे। गणेश पार्क के आसपास मौसम ने अचानक करवट ली और ऊंचाई वाले क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई। इससे यात्रा कर रहा दल मुश्किल में फंस गया। स्थिति गंभीर होने पर श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी।

एसपी ने तुरंत रवाना की रेस्क्यू टीम

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने पुलिस और होमगार्ड की 10 सदस्यीय टीम को रेस्क्यू के लिए रवाना किया। टीम ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बीच अभियान चलाकर 16 श्रद्धालुओं सहित 10 पोर्टर व गाइड को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू किए गए श्रद्धालुओं में नौ राजस्थान और सात गुजरात के बताए जा रहे हैं।

एसपी ने श्रद्धालुओं से की अपील

पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किन्नौर कैलाश यात्रा पूर्ण रूप से बंद है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति या स्थानीय गाइड के बहकावे में आकर यात्रा पर न जाएं। यदि कोई गाइड यात्रा करवाने या यात्रा खुली होने की जानकारी देकर श्रद्धालुओं को भ्रमित करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

गाइड पर होगी कार्रवाई

उन्होंने स्थानीय गाइड को भी चेतावनी देते हुए कहा कि आधिकारिक रूप से बंद यात्रा को चोरी-छिपे करवाने से बचें। नियमों का उल्लंघन कर श्रद्धालुओं की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से खराब मौसम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा बंद की गई यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अनधिकृत ट्रैकिंग से बचने की अपील की है।

 

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 27th September: हिमाचल में बर्फबारी से तापमान में 11 डिग्री तक गिरावट, 4 जिलों के लिए अलर्ट