विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश की प्रदूषण रैंकिंग में 827वें स्थान पर रहा हिमाचल, 50% से अधिक घटा प्रदूषण; मनाली-धर्मशाला की हवा बेहद शुद्ध

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:57 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश ने दीपावली के बाद भी अपनी स्वच्छ वायु गुणवत्ता बरकरार रखी है, राष्ट्रीय एक्यूआई रैंकिंग में 827वें स्थान ...और पढ़ें

शिमला के रिज मैदान में सैर करतीं पर्यटक। फोटो जागरण

शिमला के रिज मैदान में सैर करतीं पर्यटक। फोटो जागरण

HighLights

  1. दीपावली के बाद भी हिमाचल की हवा स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त।

  2. राष्ट्रीय एक्यूआई रैंकिंग में हिमाचल 827वें स्थान पर बरकरार।

  3. 2020 की तुलना में वायु प्रदूषण में 50% से अधिक कमी।

राज्य ब्यूरो, शिमला। दीपावली के त्योहारी उल्लास और आतिशबाजी के बाद जहां देश के कई महानगर जहरीले स्माग की चादर में लिपट गए हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश ने अपनी स्वच्छ और सेहतमंद आबोहवा की साख को मजबूती से बरकरार रखा है।

प्रदेश में पटाखों और आतिशबाजी के धुएं का वायु गुणवत्ता पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा। देश के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) की राष्ट्रीय रैंकिंग में हिमाचल करीब 827वें स्थान पर बना हुआ है, जो यह दर्शाता है कि यहां प्रदूषण का प्रभाव देश के अधिकांश हिस्सों की तुलना में नगण्य है।

राज्य में प्रदूषण नियंत्रण के लगातार प्रयासों और प्राकृतिक भौगोलिक स्थिति के चलते पिछले पांच से छह वर्षों में हवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2020 में प्रदेश का औसत एक्यूआइ लगभग 113 था, जो अब घटकर 50 से 60 के सुरक्षित दायरे में आ गया है।

वर्ष 2020 के आंकड़ों की तुलना में राज्य के समग्र वायु प्रदूषण स्तर में 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। दीपावली के तीन दिन बाद भी राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास प्रदेश के सभी शहरों से वायु गुणवत्ता संबंधी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।

शिमला में सांस लेना सबसे सुरक्षित

राजधानी शिमला में हवा की शुद्धता राष्ट्रीय मानकों से कहीं बेहतर स्तर पर दर्ज की गई। पीएम 2.5 का स्तर महज 16 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (अत्यंत सुरक्षित) रहा। पीएम 10 का स्तर 49 से 50 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बीच। शिमला के अलावा प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे मनाली, धर्मशाला और सुंदरनगर में भी वायु गुणवत्ता का स्तर उत्कृष्ट से अच्छा बना रहा।

औद्योगिक क्षेत्रों में भी स्थिति नियंत्रण में

प्रमुख विज्ञानी डा. सुरेश अत्री के अनुसार राज्यभर में स्थापित आनलाइन मानिटरिंग सिस्टम के आंकड़े बताते हैं कि हिमाचल की वायु गुणवत्ता देश के अधिकांश राज्यों से काफी बेहतर स्थिति में है।

प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ और कालाअंब में औद्योगिक गतिविधियों के कारण हवा का स्तर पर्वतीय शहरों की तुलना में थोड़ा अधिक रहा, लेकिन यह भी पर्यावरण विभाग द्वारा तय सुरक्षित मानकों की सीमा के भीतर ही दर्ज किया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।