विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल को चाहिए नया विधानसभा भवन, परिसीमन के बाद सीटें 68 से बढ़कर 102 हुईं तो कहां बैठेंगे माननीय?

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:14 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में नए परिसीमन और महिला आरक्षण के कारण विधानसभा सीटों की संख्या 68 से बढ़कर 102 होने की संभावना है, जिससे मौजूदा विधानसभा भवनों में विधायकों को बिठाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

हिमाचल प्रदेश को चाहिए नया विधानसभा भवन, सीटें 102 हुईं तो कहां बैठेंगे माननीय?

हिमाचल प्रदेश को चाहिए नया विधानसभा भवन, सीटें 102 हुईं तो कहां बैठेंगे माननीय?

प्रकाश भारद्वाज, शिमला। केंद्र सरकार के नए परिसीमन और महिला आरक्षण के फार्मूले ने हिमाचल प्रदेश के सियासी गलियारों में उत्साह के साथ-साथ एक बड़ा व्यावहारिक संकट भी खड़ा कर दिया है।

यदि राज्य विधानसभा की सीटें 68 से बढ़कर 102 होती हैं, जिसमें 34 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, तो सवाल यह है कि सभी 102 विधायक बैठेंगे कहां?

शिमला स्थित 100 साल पुराना ऐतिहासिक काउंसिल चैंबर अधिकतम 72 सदस्यों के लिए ही बना है, जबकि धर्मशाला के तपोवन भवन में भी 68 से 72 विधायकों के बैठने की ही व्यवस्था है। ऐसे में शिमला में 30 और धर्मशाला में 34 अतिरिक्त सीटों का इंतजाम करना वर्तमान ढांचे में संभव नहीं दिख रहा है।

शिमला में विरासत आड़े आ रही, 1988 के बाद विस्तार असंभव

शिमला का विधानसभा भवन शहर के 91 ब्रिटिशकालीन विरासत (हेरिटेज) भवनों में शामिल है। हेरिटेज नियमों के कारण इसकी बाहरी दीवारों, गुंबद और बर्मा टीक की लकड़ी से बनी मूल संरचना से कोई छेड़छाड़ नहीं की जा सकती। वर्ष 1988 में भवन की रजत जयंती के अवसर पर हाल को आयताकार से बदलकर यू आकार दिया गया था, तभी 72 सीटें तय हो गई थीं।

भवन के चारों ओर चौड़ा मैदान, केनेडी हाउस, रिज और मॉल रोड होने के कारण विस्तार के लिए एक इंच भी जमीन नहीं है। इसके अलावा यह भवन भूकंप के अति संवेदनशील जोन-5 में आता है और यहां पार्किंग व अग्निशमन की भी सीमित व्यवस्था है।

34 महिला विधायकों के लिए चाहिए विशेष सुविधाएं

102 सदस्यों के सदन में हर तीसरी सीट पर महिला विधायक होंगी। 34 महिला विधायकों के लिए दोनों भवनों में अलग विश्राम कक्ष, शौचालय, शिशु देखभाल कक्ष और विशेष सुरक्षा व्यवस्था जुटानी होगी, जो फिलहाल नाकाफी है।

इसके अतिरिक्त 34 नए विधायकों के लिए नए आवास, कार्यालय, 50 प्रतिशत अतिरिक्त सचिवालय स्टाफ और कैबिनेट विस्तार 15 प्रतिशत सीमा के तहत 12 की जगह 15 मंत्री के लिए भी नए कक्षों की आवश्यकता होगी।

मेट्रोपोल में जगह नहीं, जाठियादेवी पर निगाहें

शिमला में नया भवन बनाने के विकल्प सीमित हैं। मेट्रोपोल परिसर में 11 मंजिला नया विधायक सदन बन रहा है, लेकिन वहां विधानसभा भवन बनाने जितनी जगह नहीं है। ऐसे में शिमला के बाहरी क्षेत्र जाठियादेवी में विकसित हो रहे नए शहर में विधानसभा भवन बनाने का पुराना प्रस्ताव फिर चर्चा में आ गया है।

जानकारों का मानना है कि छत्तीसगढ़ में नवा रायपुर में 51 एकड़ में 324 करोड़ की लागत से 200 सीटों का भवन) और जम्मू-कश्मीर (जम्मू में 200 करोड़ की लागत से 130 सीटों का भवन की तर्ज पर हिमाचल को भी वर्ष 2051 की जरूरतों को ध्यान में रखकर 150 से 200 सीटों वाले तीसरे विधानसभा भवन की योजना बनानी होगी।

तपोवन विधानसभा का विस्तार संभव

धर्मशाला के तपोवन में 1.6 एकड़ में बने विधानसभा परिसर के आसपास सरकारी जमीन उपलब्ध है, जिससे वहां विस्तार की गुंजाइश है। हाल ही में 16 से 21 नवंबर तक चले शीतकालीन सत्र से पहले तपोवन भवन के नवीनीकरण पर 3.70 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वर्ष में मात्र तीन से सात दिन चलने वाले सत्र के लिए करोड़ों रुपये फिर से खर्च करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती होगी।

दोनों विधानसभा भवनों का इतिहास व लागत

शिमला विधानसभा भवन (काउंसिल चैंबर) का निर्माण 1920 में शुरू हुआ और 20 अगस्त, 1925 को तत्कालीन वायसराय लार्ड रीडिंग ने इसका लोकार्पण किया। उस समय भवन निर्माण पर 8.5 लाख और फर्नीचर-सजावट पर 1.5 लाख सहित कुल 10 लाख रुपये खर्च हुए थे। ब्रिटिश काल में यहां 145 सदस्य बैठते थे। इस भवन में 1 अक्टूबर, 1963 को हिमाचल विधानसभा का पहला सत्र हुआ। 2014 में 8.12 करोड़ रुपये से यह देश की पहली ई-विधानसभा बनी।

धर्मशाला विधानसभा भवन (तपोवन) में 14 फरवरी, 2005 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने आधारशिला रखी। 10 महीने के रिकार्ड समय में पहला चरण 7 करोड़ रुपये में तैयार हुआ और 26-29 दिसंबर, 2006 को पहला सत्र आयोजित हुआ। सड़क, आवास और अन्य सुविधाओं सहित 2009 तक इस पर कुल 15 करोड़ रुपये खर्च हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।