विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल हाईकोर्ट के बाद धर्मशाला कोर्ट में भी बम की धमकी, पुलिस ने परिसर किया खाली; नालागढ़ धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 08 Jan 2026 12:34 PM (IST)Updated: Thu, 08 Jan 2026 04:37 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट और धर्मशाला कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस और बम ...और पढ़ें

हिमाचल हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद परिसर के बाहर स्टाफ। जागरण

हिमाचल हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद परिसर के बाहर स्टाफ। जागरण

HighLights

  1. हिमाचल हाई कोर्ट और धर्मशाला कोर्ट को बम धमकी मिली।

  2. पुलिस ने परिसर खाली कराकर गहन जांच की।

  3. धमकी झूठी निकली, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क।

जागरण संवाददाता, शिमला। Himachal High Court, हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हाई कोर्ट की ऑफिशियल ईमेल पर यह धमकी आई। दोपहर बाद धर्मशाला कोर्ट में भी बम होने की धमकी भरी मेल आई। इसके बाद पुलिस व प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। बम डिफ्यूज स्क्वाड टीम मौके पर पहुंच गई।

हाई कोर्ट के हर एक हिस्से की गहनता से जांच की गई। करीब तीन घंटे तक परिसर में जांच पड़ताल चली। परिसर को खाली कर सारा स्टाफ व अधिवक्ता कोर्ट परिसर से बाहर आ गए। पुलिस व बम स्क्वाड टीम ने कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा छाना है। पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। 

प्रारंभिक जांच के बाद हाई कोर्ट की सभी बेंच सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं। वहीं, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

दो बार पहले भी मिल चुकी है धमकी

शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को दो बार पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। अब एक बार फिर धमकी मिली है। इस बार हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुई है। एहतियातन पूरे परिसर में जांच जारी है। दो बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन हर बार जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। ताजा मामले में भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। 

नालागढ़ थाना के पास हुआ था ब्लास्ट

बम की धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पहली जनवरी को सोलन जिला के नालागढ़ पुलिस थाना के पास बम धमाका हुआ था, जिसकी एनआईए ने भी जांच की थी। हालांकि इस मामले में अभी कोई खुलासा नहीं हो पाया है। इस धमाके की पंजाब से संबंधित दो आतंकी संगठनों ने जिम्मेवारी ली थी। 

Bomb Threat himachal HC

रूपनगर में भी मिली धमकी

इस तरह की धमकी पंजाब के रूपनगर में भी आई है। यहां भी कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। 

पहले भी आ चुकी हैं धमकियां

हिमाचल प्रदेश में इससे पहले भी राज्य सचिवालय व विभिन्न डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। हालांकि यह धमकियां गीदड़भभकी ही साबित हुईं। अब तक कई बार इस तरह की धमकी आ चुकी हैं। 

...नेरचौक अस्पताल से निकाल लिए थे मरीज

गत माह मंडी के नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को भी बम से उड़ाने की धमकी आई थी, जिसके बाद आनन-फानन में मरीजों को भी बाहर निकाल लिया गया था। इस सब के बीच मरीजों को बेहद परेशानी से दो चार होना पड़ा था। यह धमकियां अब तक गीदड़भभकियां ही साबित हुई हैं। 

यह भी पढ़ें: हिमाचल हाई कोर्ट: 'भारत और पाकिस्तान में शांति बहाल करने की इच्छा राजद्रोह नहीं', ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी करने वाले को जमानत 


यह भी पढ़ें: Himachal Panchayat Chunav: हाई कोर्ट में सरकार बोली- चुनाव टालना मंशा नहीं, व्यावहारिक कठिनाइयां बताई; अब फैसले का इंतजार