हिमाचल प्रदेश में उद्योग विभाग से अलग बना खनन निदेशालय, IAS अधिकारी संभालेंगे कमान; अहम पद स्थानांतरित
हिमाचल सरकार ने खनन गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन और निगरानी के लिए उद्योग विभाग से अलग एक नया खनन निदेशालय ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
HighLights
हिमाचल सरकार ने नया खनन निदेशालय स्थापित किया।
निदेशालय का नेतृत्व एक आईएएस अधिकारी करेंगे।
खनन गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन और निगरानी हेतु।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल सरकार ने खनन गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन, निगरानी और नियंत्रण की दिशा में एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद प्रदेश में उद्योग विभाग के तहत तत्काल प्रभाव से एक अलग खनन निदेशालय की स्थापना कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के हस्ताक्षर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
मुख्य सचिव केके पंत की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक नवगठित निदेशालय के सुचारू संचालन के लिए ग्रुप-ए स्तर के निदेशक (खनन) का पद सृजित किया गया है, जिसे आइएएस कैडर से भरा जाएगा। निदेशक ही इस नवगठित निदेशालय के विभागाध्यक्ष होंगे।
अहम पद किए गए स्थानांतरित
नए निदेशालय का कामकाज तुरंत शुरू करने के लिए उद्योग विभाग के मौजूदा स्वीकृत अमले में से कई अहम पद तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किए गए हैं। संयुक्त निदेशक का एक पद, सहायक नियंत्रक (वित्त एवं लेखा) का एक पद, अधीक्षक (ग्रेड-1) का एक पद, वरिष्ठ सहायक का एक पद, जूनियर आफिस असिस्टेंट के तीन पद, चपरासी एक पद शामिल हैं।
कार्यालय के रोजमर्रा के कामकाज को संभालने के लिए निदेशालय को आउटसोर्स आधार पर चार मल्टी टास्क वर्कर तैनात करने की भी मंजूरी दी गई है।
निदेशक को आवश्यक शक्तियां
सरकार ने स्पष्ट किया है कि नवगठित निदेशालय की जिम्मेदारियों के सुचारू निर्वहन और निदेशक को आवश्यक शक्तियां प्रदान करने के लिए संबंधित वैधानिक नियमों में जल्द आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों मंत्रिमंडल की बैठक में उद्योग विभाग से अलग खनन निदेशालय गठित करने का निर्णय लिया था। अब खनन संबंधी गतिविधियों का संचालन खनन निदेशालय के तहत संचालित होंगी।
