यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Election 2022: शाह की वीरभद्र परिवार पर टिप्पणी को लेकर बिफरी कांग्रेस, बोले- प्रदेश की जनता पर हमला
Amit Shah Comment on Virbhadra Family कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता व पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला ने केंद्रीय गृह ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस नेताओं पर की गई टिप्पणी पर उन्हें आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा अमित शाह ने जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री और आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार पर टिप्पणी की है, उससे हिमाचल की जनता के दिलों को चोट पहुंची है। जनता 12 नवंबर को इसका जवाब देगी। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह और उनके परिवार के लिए पूरा हिमाचल एक परिवार है और ऐसे में अमित शाह की टिप्पणी हिमाचल की जनता पर की गई टिप्पणी है।
उपचुनाव की शिकस्त के बाद अब विदाई तय
सिंगला ने कहा हिमाचल में पिछले वर्ष हुए उपचुनावों में भाजपा को करारी शिकस्त मिली थी और अब भाजपा की हिमाचल से विदाई तय है। भाजपा सरकार की नाकामियों से कांग्रेस ने सभी उपचुनाव जीते। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने हिमाचल आकर प्रदेश की भाजपा सरकार का जिक्र नहीं किया, क्योंकि इस सरकार की कोई उपलब्धि ही नहीं है।
दस गारंटियों से बौखला गई भाजपा
कांग्रेस नेता ने कहा हिमाचल में भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार नहीं दिया और जो भर्ती हुई हैं, उसमें पेपर लीक हुए हैं। उन्होंने कहा राज्य में करीब 9 लाख पंजीकृत बेरोजगार हैं और इन्हें रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार ने यहां पर ग्लोबल इन्वेस्टर मीट करवाई थी और 96 हजार करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए थे, लेकिन वे जमीन पर नहीं उतरे और युवाओं को रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने की गारंटी दी है और इसे पार्टी पहली बैठक से ही पूरा करने पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कांग्रेस की 10 गारंटियों से भाजपा बौखला गई है और अब हताशा में अनाप शनाप बयानबाजी करने लगी है।
मुद्दों से ध्यान बंटाने का प्रयास कर रही भाजपा : लांबा
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को गृह राज्य में मोरबी में बड़ा हादसा हुआ और 140 से अधिक लोगों की मौत हुई है, लेकिन उनके पास वहां जाने का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि अमित शाह को चुनाव की चिंता ज्यादा है और हिमाचल आकर भी वह अपनी प्रदेश सरकार के कार्यों का जिक्र नहीं कर रहे, बल्कि कांग्रेस नेताओं पर ही बोल रहे हैं। अलका लांबा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, भाजपा के नेता यहां पर धन बल और दुष्प्रचार की राजनीति शुरू करने लगे हैं। उन्होंने कहा भाजपा हिमाचल की जनता को मुद्दों से भटकाने के प्रयास में लगी है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं करने देगी और इनकी ऐसी गतिविधियों पर पैनी नजर है।
