हिमाचल प्रदेश के CBSE संबद्ध 151 सरकारी स्कूलों में बंद होंगे दो कोर्स, अगले सत्र से बदलाव लागू होगा
हिमाचल प्रदेश के 151 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में सिक्योरिटी और प्लंबिंग के व्यावसायिक पाठ्यक्रम 2027-28 सत्र से बंद किए जा सकते हैं, क्योंकि सीबीएसई इन्हें मान्यता नहीं देता।

हिमाचल के सीबीएसई स्कूलों में दो पाठ्यक्रम बंद होंगे। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
151 सीबीएसई स्कूलों में सिक्योरिटी, प्लंबिंग कोर्स बंद होंगे।
सीबीएसई इन व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को मान्यता नहीं देता है।
शिक्षकों को अन्य सरकारी स्कूलों में समायोजित किया जाएगा।
अनिल ठाकुर, शिमला। हिमाचल प्रदेश के केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध 151 सरकारी स्कूलों में सिक्योरिटी और प्लंबिंग के व्यवसायिक पाठ्यक्रम अगले शैक्षणिक सत्र से बंद किए जा सकते हैं। सीबीएसई इन विषयों को मान्यता नहीं देता, जिससे शिक्षा विभाग ने व्यवस्था में बदलाव की योजना बनाई है। प्रस्तावित बदलाव 2027-28 से लागू होगा, जबकि मौजूदा सत्र में इन पाठ्यक्रमों में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
पाठ्यक्रमों के बंद होने के साथ विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों की नौकरी को सुरक्षित रखना है। इस समस्या के समाधान के लिए शिक्षा विभाग ने एक वैकल्पिक प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके तहत, सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के निकटवर्ती अन्य सरकारी स्कूलों में सिक्योरिटी और प्लंबिंग के पाठ्यक्रम शुरू करने की पेशकश की गई है। पाठ्यक्रमों के स्थानांतरण के बाद संबंधित शिक्षकों की तैनाती भी उन स्कूलों में की जा सकेगी।
निदेशालय ने सरकार को मंजूरी के लिए भेजा प्रस्ताव
हाल ही में शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रस्ताव तैयार कर इसे राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है। सरकार की मंजूरी के बाद ही पाठ्यक्रमों के स्थानांतरण और शिक्षकों की तैनाती पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
आइटी से पर्यटन और बैंकिंग तक कई पाठ्यक्रम
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा के तहत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें विद्यार्थियों को संबंधित क्षेत्र का सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल सिखाया जाता है। सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी), स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यटन, कृषि, खुदरा, आटोमोबाइल, सुरक्षा, दूरसंचार, मीडिया और बैंकिंग सहित कई क्षेत्रों के पाठ्यक्रम स्कूलों में चल रहे हैं।
राज्य सरकार ने व्यवसायिक शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को नए स्कूलों में पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भेजा था। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने हाल ही में हिमाचल के 302 स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा शुरू करने को मंजूरी दी है।
