हिमाचल पुलिस की 6 बेटियों ने बजाया जीत का बिगुल, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड
हिमाचल प्रदेश पुलिस की महिला बिगुल टीम ने हैदराबाद में आयोजित 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है।
-1795193615186_m.webp)
27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में महिला बिगुल दल ने रचा इतिहास।
HighLights
हिमाचल महिला बिगुल टीम ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता
हैदराबाद में 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में यह उपलब्धि
यह हिमाचल पुलिस की पहली महिला बिगुलर टीम की जीत है
राज्य ब्यूरो, शिमला। वर्दी पहनकर कानून-व्यवस्था संभालने वाली हिमाचल प्रदेश पुलिस की बेटियों ने अब बिगुल की धुन पर भी देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
हैदराबाद में आयोजित 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में हिमाचल पुलिस की महिला बिगुल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि यह हिमाचल प्रदेश पुलिस की पहली महिला बिगुलर टीम है, जिसने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर नया इतिहास रचा है।
इस उपलब्धि के साथ हिमाचल पुलिस की छह महिला कर्मियों ने साबित कर दिया कि अनुशासन, अभ्यास और टीम भावना के दम पर किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। पुरुषों के वर्चस्व वाले बिगुल वादन के क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मियों की यह कामयाबी प्रदेश पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बन गई है।
प्रतियोगिता की महिला बिगुल काल श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम की कमांडर एलएचसी श्वेता रहीं। उनके साथ एलएचसी नीशू, एलएचसी शिवानी, एलसी शबनम, एलसी शिवानी और एलसी प्रियंका ने शानदार प्रदर्शन किया।
इन छह महिला पुलिसकर्मियों की सामूहिक मेहनत और तालमेल ने हिमाचल पुलिस को राष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम पहचान दिलाई।हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी है। पुलिस के अनुसार, इन महिला कर्मियों की लगन, अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प ने यह मुकाम हासिल करने में अहम भूमिका निभाई।
इस बार प्रतियोगिता में महिला बिगुलर श्रेणी की शुरुआत हुई थी। देशभर की 21 पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टुकड़ियों के 1400 से अधिक कलाकारों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इनमें 343 महिला प्रतिभागी शामिल थीं। महिला बिगुल काल श्रेणी में हिमाचल पुलिस ने पहला स्थान हासिल किया।