स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा
जागरण संवाददाता, शिमला : रिज मैदान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस का पहली बार स्थापना दिवस मनाया गया। इस
जागरण संवाददाता, शिमला : रिज मैदान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस का पहली बार स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रदेश पुलिस बल के कर्मियों से मैत्रीपूर्ण व्यवहार और उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर जनता का पूर्ण विश्वास बनाए रखने के लिए उन्हें अधिक व्यवहारिक होकर व्यवस्थित समाज की दिशा में योगदान देना चाहिए। राज्यपाल ने पुलिस जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्षिक दिवस पुस्तक तथा स्थापना दिवस मेडल का विमोचन भी किया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। पुलिस बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। पुलिस बैंड की प्रस्तुति से रिज मैदान पर स्थानीय लोगों सहित बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों ने खूब आनंद उठाया और इस दौरान रिज मैदान दर्शकों से भरा रहा। पुलिस बैंड की धुनों पर पर्यटक झूम उठे। पुलिस महानिदेशक ने प्रदेश पुलिस द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों, कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विभिन्न पहल और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। राज्य में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में लोगों के सहयोग के लिए उन्होंने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।