13% डीए और एरियर पर सरकार को सीधा अल्टीमेटम, शिमला में धरना शुरू; 19 को विधानसभा कूच करेंगे पेंशनर्स
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने शिमला में 13% डीए और अन्य लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान की मांग को लेकर धरना शुरू किया।
-1794472546781_m.webp)
लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए पेंशनर्स ने दिया धरना
HighLights
शिमला में पेंशनर्स ने 13% डीए और एरियर के लिए धरना दिया।
लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान की मांग सरकार से की गई।
मांगें न मानने पर 19 नवंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर वीरवार को जिला शिमला के पेंशनर्स ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर सिटी चौक पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया।
सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चले इस धरने में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। पेंशनर्स ने सरकार से लंबित वित्तीय देनदारियों का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई।
जिला शिमला के संयोजक मोहन ठाकुर ने कहा कि यह सांकेतिक धरना 12 से 17 नवंबर तक प्रतिदिन जारी रहेगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगें पूरी नहीं कीं तो 19 नवंबर को जोरावर स्टेडियम से विधानसभा तक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी और तपोवन में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में प्रदेशभर से 10 हजार से अधिक पेंशनर्स शामिल होंगे।
प्रदेशभर में आंदोलन को लेकर अल्टीमेटम
संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा और संयोजक मोहन ठाकुर ने कहा कि एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित लीव इनकैशमेंट, ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए/डीआर) और 194 माह का पेंशन एरियर जारी नहीं किया गया है। जब तक इन देनदारियों का भुगतान नहीं होता, प्रदेशभर में आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी पेंशनर्स को पांच प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते की अदायगी भी नहीं हुई है। बिजली बोर्ड के सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ नहीं मिल पाया है। वहीं, वर्ष 1999 के बाद सेवानिवृत्त कोऑपरेटिव सेक्टर के कर्मचारियों को पेंशन नहीं दी जा रही है।
धरने के पहले दिन भाग लेने वालों में जिला पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भाग चंद चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्ता, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, आयोजन सचिव गोपाल जिलटा, संयुक्त सचिव विजय ठाकुर, देवेंद्र केवला, कैलाश वर्मा, टूटू ब्लॉक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बाला राम शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।