विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में धान खरीद के लिए ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू, 4 जिलों में 11 केंद्र बनाए; इस बार 72 रुपये ज्यादा भाव

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 16 Sep 2026 06:37 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 के लिए धान खरीद हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 15 सितंबर से शुरू हो गया है, जो 3 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक चलेगा।

हिमाचल प्रदेश में धान खरीद के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश में धान खरीद के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. धान खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 सितंबर से शुरू।

  2. 3 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक होगी धान की खरीद।

  3. न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों से धान खरीदने के लिए ऑनलाइन पोर्टल पंजीकरण के लिए 15 सितंबर से खोल दिया गया है। किसान अपने धान की फसल बेचने के लिए ऑनलाइन पोर्टल एचपीएपीपी पर पंजीकरण कर सुविधा अनुसार टोकन बुक कर सकते हैं। निदेशक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कुमुंद सिंह ने बताया कि प्रदेश में धान की खरीद 3 अक्टूबर से शुरू होगी। 

15 दिसंबर तक किसानों से खरीदा जाएगा, जिसके लिए 11 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। धान की खरीद चार सीमांत जिलों कांगड़ा, सोलन, ऊना एवं सिरमौर में की जाएगी।

एग्रीस्टैक की फार्मर रजिस्ट्री से भी पंजीकरण सुविधा

उन्होंने कहा कि इस बार ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण के लिए किसानों को एग्रीस्टैक की फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। इसमें किसानों का व्यक्तिगत एवं जमीन संबंधी डाटा फार्मर रजिस्ट्री से ऑनलाइन लिया जाएगा और पटवारी से जमीन के सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी, परंतु उसे बैंक संबंधी सम्पूर्ण जानकारी पूर्व की भाति स्वयं भरनी होगी। 

जो किसान एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं है, उसे पूर्व की भांति एचपी एपीपी पोर्टल पर पंजीकरण करने के लिए स्वयं संपूर्ण जानकारी भरनी होगी और पूर्व की भांति ही पटवारी द्वारा जमीन का आनलाइन सत्यापन तथा कृषि अधिकारी द्वारा उपज की एंट्री आनलाइन करनी होगी।

2461 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य

उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए भारत सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 72 रुपये अधिक है। 

उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि अपनी धान की फसल को उक्त चार जिलों में स्थापित 11 खरीद केंद्रों में जाकर बेचें और भारत सरकार द्वारा दिए जा रहे न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं।

यह भी पढ़ें: 'बिना ठोस वजह पति से अलग रहना और बच्चों से बात न करना घोर मानसिक क्रूरता', हिमाचल हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला