विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NH-5 बंद, कई वाहन क्षतिग्रस्त, सड़कों पर लंबा जाम... हिमाचल के किन्नौर में भारी बारिश से तबाही

Published: Fri, 03 Jul 2026 10:03 AM (IST)Updated: Fri, 03 Jul 2026 10:27 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने कहर बरपाया है, किन्नौर में अचानक आई बाढ़ से NH-5 अवरुद्ध हो गया और कई वाहन फंसे।

HighLights

  1. किन्नौर में अचानक आई बाढ़ से NH-5 अवरुद्ध

  2. लाहौल स्पीति में जाहलमा नाला पुल बह गया

  3. मरीज को बैकहो लोडर से नाला पार कराया गया

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में मानसून की रफ्तार के साथ ही आफत का दौर भी शुरू हो गया है। बीती रात चोलिंग के निकट हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के मलबे और दलदल के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।

kinnaur_newss

बाढ़ का वेग इतना तेज़ था कि सड़क पर चल रहे कई वाहन अचानक आए मलबे और दलदल की चपेट में आकर वहीं फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस अचानक आई आपदा में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

kinanaur_landlside

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया है। डीसी किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चोलिंग के पास मार्ग को साफ करने और फंसे वाहनों को निकालने के लिए भारी मशीनरी को काम पर लगा दिया गया है।

kinnaur

प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैद है और बंद पड़े राष्ट्रीय उच्च मार्ग को जल्द से जल्द सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।"

लाहुल स्पीति में बैकहो लोडर में रोगी को पार करवाया उफनता जाहलमा नाला

लाहौल स्पीति के जाहलमा नाले में बाढ़ से पुल क्षतिग्रस्त होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बीआरओ ने अस्थायी पुलिया बनाई थी, वह भी बह गई है। इस कारण उदयपुर उपमंडल सहित पांगी घाटी का संपर्क कट गया है।

बुधवार को उदयपुर उपमंडल के शेनुर गांव की शांति देवी को छाती में संक्रमण व सांस लेने की दिक्कत के कारण कुल्लू के लिए रेफर किया गया था। मरीज को लेकर जब एंबुलेंस जाहलमा नाले के पास पहुंची तो नाला उफान पर था।

himachal_newss (1)

बीआरओ व पुलिस जवानों ने मरीज को स्ट्रेचर सहित बैंकहो लोडर की मदद से नाला पार करवाया। नाला पार करने के बाद शांति देवी को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। वहां मरीज की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।

बीआरओ ने वीरवार सुबह नाले पर अस्थायी पुल बनाकर यातायात सुचारु कर दिया है। मई में भूस्खलन से जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। बीआरओ नाले पर नए पुल का निर्माण कर रहा है। विधायक अनुराधा राणा ने बताया कि इस महीने के अंत तक पुल बन जाएगा।

यह भी पढ़ें- 9 लोगों की मौत, 49 से ज्यादा सड़कें बंद... हिमाचल में बारिश-भूस्खलन से आफत, कई जिलों के लिए अलर्ट

यह भी पढ़ें- चंबा के लियूंडी धार में दो दिनों से फंसे 24 श्रद्धालु सुरक्षित रेस्क्यू, भारी बारिश के बीच प्रशासन ने चलाया अभियान