विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

90 लोगों की मौत और 109 सड़कें बंद... हिमाचल में कुदरत का कहर, बाढ़ में बह गया 54 साल पुराना पुल

Published: Tue, 04 Aug 2026 08:37 AM (IST)

हिमाचल में मानसून के कहर से अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 109 सड़कें बंद हैं। ...और पढ़ें

HighLights

  1. मानसून की घटनाओं में अब तक 90 लोगों की मौत

  2. प्रदेश में 109 सड़कें बंद, यातायात बुरी तरह प्रभावित

  3. सिरमौर में 52 साल पुराना पुल ढहा, स्कूल भवन ध्वस्त

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल में इस मानसून सीजन में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में अब तक 90 लोगों की मौत हो गई है। शनिवार को किन्नौर में नेशनल हाईवे पांच के पास एक कार सतलुज नदी में जा गिरी।

इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। उसी दिन मनाली में 20 फीट गहरी खाई में वाहन के गिर जाने से दो युवकों की जान चली गई। हिमाचल में बारिश की वजह से फिसलन और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ गई हैं, नदी-नालों का जलस्तर भी काफी हद तक बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को लगातार घटनाओं की आशंकाओं को देखते हुए आगाह कर रहा है।

himachal_floods (1)

 बाढ़ में बह गया 52 साल पुराना पुल

वहीं, सोमवार को कुल्लू जिला के निरमंड में प्राथमिक पाठशाला पांकवा का भवन भूस्खलन से ध्वस्त हो गया। इससे स्कूल के साथ लगता मकान भी खतरे की जद में आ गया है। सेब के 500 पौधे तबाह हो गए हैं।

सिरमौर जिले में पांवटा साहिब उपमंडल की बाता नदी पर 1962 में बना पुराना पुल सोमवार दोपहर तेज बहाव के कारण टूट गया। कुछ दिन पूर्व पिलर तिरछा होने से पुल टूटने की कगार पर पहुंच गया था। इस पर यातायात कम कर किया गया था।

himachlses

सोमवार सुबह पुल पर यातायात बंद किया गया था। ऊपरी क्षेत्र में हुई भारी वर्षा से कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन के हिस्से पर बाता पुल का पिलर पानी के तेज बहाव में गिर गया और उसका बड़ा हिस्सा भी टूट कर नदी में गिरा।

यातायात को नए पुल पर डायवर्ट किया है। कुल्लू जिले के बंजार में मशियार पंचायत के अंतर्गत फलाचन नदी और घलिंगचा नाले में आए तेज बहाव से पुल और दो अस्थायी पुलिया बह गईं। इससे मशियार, कमेडा, मझली, थानेगढ़ गांवों की आवाजाही बाधित हो गई है।

himachalsses

प्रदेश में 109 सड़कें बंद

रविवार देर रात शिमला में ठियोग बाईपास पर भूस्खलन से सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिर गए। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी के नारला से बिजणी के बीच नारला और भटोग में नवनिर्मित पुलों की अप्रोच धंसने से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है और यातायात पुरानी सड़क से डायवर्ट किया गया है। पांवटा साहिब में 75.8, श्रीनयना देवी जी में 68.2, ऊना में 57 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में 109 सड़कें बंद और 30 पेयजल योजनाएं प्रभवित हुई हैं।

यह भी पढ़ें- मनाली हाईवे पर सुगम होगा सफर: झलोगी सुरंग की लंबाई बढ़ेगी, दयोड में बन रही टनल का काम हुआ पूरा

यह भी पढ़ें- हिमाचल में मानसून का कहर जारी, 7 अगस्त तक भारी बारिश के आसार; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट