विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BJP विधायक सुधीर शर्मा को हिमाचल विजिलेंस का नोटिस, 18 को शिमला तलब; मकान और परिवार की संपत्ति तक जांच का दायरा

By Chaitanya Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 12 Aug 2026 05:33 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 12 Aug 2026 05:50 PM (GMT+05:30)

धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की संपत्ति अब विजिलेंस की जांच के दायरे में है। विजिलेंस ने आय के ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. विजिलेंस ने विधायक सुधीर शर्मा को 18 अगस्त को व्यक्तिगत रूप से बुलाया।

  2. आय के स्रोत, जमीन, मकान, वाहन सहित सभी संपत्तियों का रिकॉर्ड मांगा।

  3. परिवार की भारत-विदेश में मौजूद सभी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा मांगा।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की संपत्ति अब विजिलेंस की जांच के केंद्र में है। आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में विजिलेंस ने विधायक से आय के स्रोत से लेकर जमीन, मकान, वाहन, बैंक खाते और निवेश तक का रिकॉर्ड मांगा है। विजिलेंस ने सुधीर शर्मा को 18 अगस्त को जांच अधिकारी निरीक्षक नरेश कुमार के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को कहा है।

निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने अथवा मांगी जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 35 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी नोटिस में दी गई है।

अन्य स्रोतों से आय का रिकॉर्ड मांगा

विजिलेंस ने वर्ष 2015-16 के आयकर रिटर्न में अन्य स्रोतों से आय के रूप में घोषित 70,84,858 रुपये की राशि का रिकॉर्ड मांगा है। नोटिस के अनुसार यह राशि शेयरों के स्वैच्छिक समर्पण से हुई आय के रूप में घोषित की थी। अब जांच एजेंसी ने इसके समर्थन में डीमैट खाते का विवरण, शेयरों की खरीद-बिक्री का रिकार्ड, दलालों से संबंधित अनुबंध और बैंक खातों में हुए लेनदेन के दस्तावेज मांगे हैं।

जमीन बिक्री से प्राप्त आय भी जांच के घेरे में

वर्ष 2015-16 में जमीन की बिक्री से प्राप्त 74,07,000 रुपये की राशि भी विजिलेंस की जांच के घेरे में है। एजेंसी ने जमीन के मूल दस्तावेज, बिक्री से संबंधित कागजात, बैंक लेनदेन और संपत्ति हस्तांतरण का रिकॉर्ड मांगा है। जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि घोषित राशि से संबंधित सभी दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन रिकार्ड में मौजूद हैं या नहीं।

बहुमंजिला मकान का भी रिकॉर्ड मांगा

धर्मशाला तहसील के रक्कड़ स्थित बहुमंजिला मकान को लेकर भी विजिलेंस ने रिकॉर्ड मांगा है। नोटिस में खसरा नंबर 48, 94, 97 और 118 का उल्लेख किया है। मकान के निर्माण से जुड़े बिल, भुगतान रसीदें, निर्माण खाते, वास्तु चित्र और अन्य दस्तावेज उपलब्ध करवाने को कहा है। 

साज-सज्जा और फिटिंग सहित ठेकेदार की भी जानकारी मांगी 

मकान के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच उपलब्ध करवाने तथा फर्नीचर, फिटिंग और साज-सज्जा के तकनीकी मूल्यांकन में सहयोग करने को कहा है। विजिलेंस ने मकान के निर्माण कार्य में लगाए ठेकेदारों के नाम, पते और संपर्क विवरण भी मांगे हैं। निर्माण पर कितना खर्च हुआ और उसका भुगतान किस माध्यम से किया, इससे जुड़े रिकार्ड भी जांच का हिस्सा होंगे।

गाड़ियों की डिटेल भी मांगी

जांच अवधि में सुधीर शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों की ओर से खरीदे वाहनों का रिकॉर्ड मांगा है। इसमें खरीद दस्तावेज, ऋण अथवा वित्तपोषण के कागजात, किस्तों के भुगतान और बैंक लेनदेन की जानकारी शामिल है। बैंक खातों, लाकर, अघोषित निवेश, वित्तीय हिस्सेदारी तथा असुरक्षित ऋण और अग्रिम राशि से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध करवाने को कहा है।

परिवार की संपत्ति का भी देना होगा ब्योरा

विजिलेंस ने सुधीर शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर भारत या विदेश में मौजूद सभी चल-अचल संपत्तियों की घोषणा मांगी है। इसमें जमीन, भवन, बैंक खाते, सावधि जमा, शेयर, प्रतिभूतियां, सामूहिक निवेश कोष, बीमा पालिसियां, वाहन और आभूषण समेत अन्य संपत्तियां शामिल हैं। प्रत्येक संपत्ति के स्रोत और उसे हासिल करने के तरीके से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं।

यह भी पढ़ें: बिना जनमत संग्रह पंचायत घर के निर्माण पर हिमाचल हाई कोर्ट ने लगाई रोक, सरकार से जवाब तलब किया