विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘अनुशासन मुझ पर ही लागू नहीं होता और कुछ गलत नहीं कहा’, हिमाचल के मंत्री का कांग्रेस प्रभारी की नसीहत पर पलटवार

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 01:20 PM (GMT+05:30)

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की नसीहत पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी हित में सवाल उठाना अनुशासनहीनता नहीं है।

हिमाचल सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी। जागरण आर्काइव

हिमाचल सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. पार्टी हित में सवाल उठाना अनुशासनहीनता नहीं: नेगी।

  2. 'स्लीपर सेल' और 'जयचंद' को पार्टी से बाहर किया जाए।

  3. सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी मिलनी चाहिए।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल कांग्रेस में अनुशासन को लेकर चल रही खींचतान के बीच राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की नसीहत पर पलटवार किया है। नेगी ने दो टूक कहा कि पार्टी हित में सवाल उठाना अनुशासनहीनता नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अनुशासन के नियम केवल मुझ पर ही लागू होते हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने मीडिया में वही बात कही है, जो पार्टी के भीतर और प्रभारी रजनी पाटिल के सामने भी रखी है।

नेगी ने कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं कही है। अगर पार्टी के भीतर उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई नहीं होगी तो सवाल उठेंगे ही। उन्होंने कहा कि संगठन में उठाई गई शिकायतों और मुद्दों का समाधान पार्टी स्तर पर होना चाहिए। अब यह भी देखा जाना चाहिए कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर क्या कार्रवाई हुई है।

‘स्लीपर सेल’ को बाहर किया जाए

राजस्व मंत्री ने कहा कि वह हमेशा पार्टी हित की बात करते हैं। राहुल गांधी भी संगठन को मजबूत करने और पार्टी हित में जरूरी मुद्दे उठाने की बात कहते हैं। उन्होंने कांग्रेस को भीतर से कमजोर करने वाले तत्वों पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में मौजूद ‘जयचंद’ और ‘स्लीपर सेल’ को बाहर किया जाना चाहिए। नेगी ने कहा कि वे जो बात कह रहे हैं राहुल गांधी भी वही बात कहते हैं कि पार्टी से स्लीपर सेल बाहर होने चाहिए।

‘कार्यकर्ताओं का मनोबल तब भी टूटता है’

कांग्रेस नेता निगम भंडारी के इस तर्क पर कि इस तरह के बयानों से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है, नेगी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का मनोबल केवल बयानों से नहीं, बल्कि तब भी टूटता है जब ‘जयचंद और स्लीपर सेल’ से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी दी जाती है और वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे सक्रिय कार्यकर्ताओं की अनदेखी होती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए लंबे समय से काम कर रहे कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मान और जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। इससे कार्यकर्ताओं का भरोसा बढ़ेगा और संगठन मजबूत होगा। नेगी सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: हिमाचल कैबिनेट विस्तार पर रजनी पाटिल ने स्पष्ट की स्थिति, मंत्री नेगी को बयानबाजी पर चेतावनी; चुनाव आयोग को घेरा