विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिवाली पर महंगी हुई शुद्ध देसी घी से बनी मिठाइयां, हिमाचल में मिल्कफेड ने बढ़ाए रेट; 25 रुपये तक इजाफा

By Yadvinder Sharma Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 06:57 AM (IST)

हिमाचल मिल्कफेड ने दिवाली पर हिम स्वीट्स ब्रांड की मिठाइयों के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को 10 से 25 रुपये अधिक चुकाने होंगे।

हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने दिवाली की मिठाई के रेट बढ़ा दिए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने दिवाली की मिठाई के रेट बढ़ा दिए हैं। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मिल्कफेड ने दिवाली पर हिम स्वीट्स के दाम बढ़ाए।

  2. मिठाइयों के पैक पर 10 से 25 रुपये की वृद्धि।

  3. घी-मक्खन महंगा होने से उत्पादन आधा किया गया।

यादवेन्द्र शर्मा, शिमला। दिवाली पर मिठाई खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को इस बार जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड ने अपने हिम स्वीट्स ब्रांड की मिठाइयों के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। 400 ग्राम के पैक पर 10 रुपये और 800 ग्राम के पैक पर 25 रुपये बढ़ाए जाएंगे। 

वहीं, मिल्कफेड ने इस बार मिठाइयों का उत्पादन भी आधा कर दिया है। पिछले साल 500 क्विंटल मिठाई तैयार करवाई गई थी, जबकि इस बार दो चरणों में कुल 250 क्विंटल मिठाई तैयार होगी।

मिल्कफेड ने घी और मक्खन के दाम बढ़ने के बाद मिठाइयों की कीमत में वृद्धि की है। मिठाई तैयार करने का ऑर्डर चंडीगढ़ स्वीट्स को दिया गया है।

शुगर फ्री मिठाइयां मिलेंगी

पहले चरण में पंजीरी, मिल्क केक, कोकोनट बर्फी, काजू बर्फी और पहाड़ी बर्फी तैयार करवाई जा रही हैं। उपभोक्ताओं की मांग को देखते हुए शुगर फ्री मिठाइयां भी उपलब्ध होंगी। इनकी बिक्री विशेष बिक्री केंद्रों के माध्यम से की जाएगी।

शुद्ध देसी घी से तैयार मिठाई

त्योहारी सीजन में मिलावट की आशंका के बीच मिल्कफेड की शुद्ध देसी घी से तैयार मिठाइयां उपभोक्ताओं के लिए एक विकल्प हैं। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी और उत्पादन में कमी के बीच त्योहार पर इनकी उपलब्धता और मांग अहम रहेगी।

पहले चरण में कितना उत्पादन

मिल्कफेड पहले चरण में कुल 126 क्विंटल मिठाई तैयार करवा रहा है। इसमें सबसे अधिक 47.37 क्विंटल कोकोनट बर्फी शामिल है। इसके अतिरिक्त 21.74 क्विंटल मिल्क केक, 19.58 क्विंटल काजू बर्फी, 19.55 क्विंटल पहाड़ी बर्फी और 17.79 क्विंटल पंजीरी तैयार करवाई जा रही है। शेष 124 क्विंटल मिठाई दूसरे चरण में तैयार होगी।

यह भी पढ़ें: 3.70 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स की हैप्पी दिवाली, किस वर्ग को कितना DA भुगतान होगा? 10 हजार अतिरिक्त भी मिलेंगे