Monsoon in Himachal: हिमाचल के कई जिलाें में मानसून की दस्तक, झमाझम बारिश के आसार
Monsoon Reached in Himachal मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल के कई जिलों में मानसून प्रवेश कर गया है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। हिमाचल के कई जिलों में मानसून पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने इसकी जानकारी दी है। पहले पांच से सात जुलाई तक मानसून पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन एकाएक मानसून ने रफ़तार पकड़ी और प्रदेश का रुख कर लिया है। अब प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पांच से सात जुलाई तक प्रदेश के मैदानी और मध्यम क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया प्रदेश में मानसून पांच जुलाई को प्रवेश करने की उम्मीद थी, लेकिन आज ही पहुंच गया है।
मानसून के आने के बाद बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश में चार जुलाई तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में सोमवार शाम शिमला, सोलन, सिरमौर, ऊना, सहित अन्य क्षेत्रों में बादलों ने डेरा जमाए रखा। शिमला में शाम को तेज हवा भी चली। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। सोमवार को प्रदेश में सबसे गर्म स्थान ऊना रहा जहां अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।