विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के CBSE स्कूलों में शिक्षक भर्ती में उलझी सरकार, अब नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी

By Anil Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 13 Aug 2026 06:47 AM (IST)Updated: Thu, 13 Aug 2026 11:12 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में सरकार असमंजस में है, जहाँ 2175 ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी है। प्रतीकात्मक फोटो

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. हिमाचल के 151 सीबीएसई स्कूलों में 2175 पद रिक्त।

  2. शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर सरकार असमंजस में, कैबिनेट में लंबित।

  3. मेरिट और छूट के प्रस्ताव पर शिक्षा विभाग का नया मसौदा।

अनिल ठाकुर, शिमला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध हिमाचल के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर सरकार असमंजस में है। राज्य के 151 स्कूलों को सीबीएसई से संबद्धता मिल चुकी है, लेकिन इनमें विभिन्न श्रेणियों के 2175 पद अभी रिक्त हैं। मामला कैबिनेट में दो बार चर्चा के बावजूद लंबित है।

पहली बार उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट सब-कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने मेरिट के आधार पर नियुक्ति की सिफारिश की। पिछली कैबिनेट बैठक में रिपोर्ट रखे जाने के बाद कुछ वर्गों को नियुक्ति में छूट देने और शेष पद मेरिट के आधार पर भरने का निर्णय लिया गया। 

शिक्षा विभाग ने दोबारा प्रस्ताव तैयार किया

अब शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव दोबारा तैयार किया है, जिसे आगामी कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। सब-कमेटी की सिफारिशों में संशोधन की भी संभावना है। सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि किसी वर्ग को नियुक्ति में छूट देने से मेरिट सूची प्रभावित हो सकती है। इससे मामला दोबारा न्यायालय में जाने की आशंका है।

सीएम की मौजूदगी में हुई बैठक में निर्णय

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हाल में हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में सचिव शिक्षा राकेश कंवर, निदेशक आशीष कोहली, अनिल चौहान और जीवन नेगी मौजूद रहे।

पूल में रखे शिक्षकों की तैनाती पर विचार

फिलहाल पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत पूल में रखे शिक्षकों को इन स्कूलों में तैनात करने पर भी विचार है। मेडिकल, नान-मेडिकल और अंग्रेजी विषयों के शिक्षकों की तैनाती की जा सकती है।

6492 शिक्षकों की प्रस्तावित है नियुक्ति

सीबीएसई स्कूलों के लिए सरकार ने अलग सब-कैडर बनाया है। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सेवारत शिक्षकों के लिए चयन परीक्षा भी आयोजित की थी। 151 सीबीएसई स्कूलों में कुल 6492 शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है। सरकार का पहले तर्क था कि चयन परीक्षा के आधार पर नियुक्ति करने पर बड़े स्तर पर तबादले करने पड़ेंगे। इसी कारण प्रक्रिया लंबित होती जा रही है।

अंग्रेजी के 114, हिंदी के 52 पद खाली

विभाग के अनुसार प्रवक्ता अंग्रेजी के 114, हिंदी के 52, राजनीति शास्त्र के 49, इतिहास के 49, अर्थशास्त्र के 50, गणित के 12, भौतिक विज्ञान के 39, रसायन विज्ञान के 34, जीव विज्ञान के 42 और डीपीए के 51 पद रिक्त हैं। टीजीटी आर्ट्स के 15, शास्त्री के 18, कला अध्यापक के 55 और पीईटी के 90 पद भी खाली हैं। अंग्रेजी और गणित के करीब 600 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रवक्ता भूगोल, संगीत एवं वाद्य यंत्र, आइपी, मनोविज्ञान सहित अन्य श्रेणियों के पद भरने की प्रक्रिया जारी है।

यह भी पढ़ें: BJP विधायक सुधीर शर्मा को विजिलेंस का नोटिस, 18 अगस्त को शिमला तलब; मकान और परिवार की संपत्ति तक जांच का दायरा