हिमाचल सरकार नीदरलैंड्स से व्यापार की इच्छुक
प्रदेश सरकार नीदरलैंड के साथ व्यापार करने की इच्छुक है क्योंकि डच की अर्थव्यवस्था खुले विचार की है और यह अन्तरराष्ट्रीय व्यापार पर बहुत विश्वास रखती है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार 2019 में धर्मशाला में विश्व स्तरीय ग्लोबल इन्वेस्टर मीट का आयोजन कर रही है। इस आयोजन के माध्यम से हिमाचल भारतीय राज्य में एक शीर्ष राज्य बन कर उभरेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात नीदरलैंड के हेग में आयोजित रोड शो के दौरान वहां के कंपनियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही।
राज्य ब्यूरो, शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार नीदरलैंड्स के साथ व्यापार करने की इच्छुक है। वहां की अर्थव्यवस्था अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर विश्वास रखती है। हिमाचल सरकार इस साल धर्मशाला में विश्वस्तरीय ग्लोबल इन्वेस्टर मीट का आयोजन करेगी। इस आयोजन के माध्यम से हिमाचल देश में शीर्ष राज्य बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने नीदरलैंड्स के हेग में आयोजित रोड शो के दौरान वहां की कंपनियों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने नीदरलैंड्स के निवेशकों से हिमाचल में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड्स विश्व में कृषि उत्पादों का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है जो स्मार्ट लॉजिस्टिक्स और भंडारण एवं पैकिग तकनीकों के लिए जाना जाता है। इससे खाद्य पदार्थ अधिक समय तक ताजा रखे जा सकते हैं। कृषि क्षेत्र में व्यापार सहयोग से दोनों देशों को लाभ होगा। इससे सरकार के खाद्य उत्पादन व किसानों की आय को दोगुना करने के प्रयासों को बल मिलेगा। नीदरलैंड्स में सेब के पेड़ों से हिमाचल के मुकाबले पांच गुना अधिक पैदावार होती है। पर्यटन, आयुष, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, जलविद्युत, खाद्य तथा फल प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति पर विशेष बल दिया जा रहा है। स्वच्छ वातावरण व सांस्कृतिक विविधता के कारण हिमाचल भारत का ऐसा राज्य है जहां सबसे अधिक पर्यटक आते हैं। निवेशकों के लिए पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने की व्यापक संभावनाएं हैं।
इससे पूर्व हिमाचल सरकार ने यूरोप के वाणिज्य एवं उद्योग मंडल (एसोचेम) के साथ नीदरलैंड्स में वहां के एसोचेम अध्यक्ष डॉ. विकास चतुर्वेदी के माध्यम से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इससे कृषि, बागवानी, लॉजिस्टिक एवं अधोसंरचना को बल मिलेगा। इस दौरान उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, विशेष सचिव आबिद हुसैन, उद्योग विभाग के निदेशक हंसराज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप