विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल कांग्रेस का बड़ा एक्शन, रजनीश किमटा और मोहिंदर चौहान को उपाध्यक्ष पद से हटाया; कार्यक्रमों से बना रहे थे दूरी

Published: Thu, 26 Nov 2026 12:09 PM (IST)

हिमाचल कांग्रेस ने पार्टी बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों से लगातार दूरी बनाने पर दो उपाध्यक्षों, रजनीश किमटा और मोहिंदर चौहान, को पद से हटा दिया है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार (फाइल फोटो)

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार (फाइल फोटो)

HighLights

  1. दो कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटाए गए

  2. बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों से दूरी बनाने पर कार्रवाई

  3. प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने पदमुक्त करने के आदेश दिए

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने सख्त कदम उठाया है। पार्टी की बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों से लगातार दूरी बनाए रखने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दो उपाध्यक्ष रजनीश किमटा और मोहिंदर चौहान को पद से हटा दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बुधवार को दोनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने के आदेश जारी किए। दोनों को पद से हटाया है, पार्टी में वह बनें रहेंगे।

रजनीश किमटा पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल के करीबी हैं। कुलदीप राठौर जब प्रदेश अध्यक्ष थे तब वह संगठन महासचिव के पद पर तैनात थे। चौपाल विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं।

संगठन में पद जिम्मेदारी का भी: कांग्रेस अध्यक्ष

कांग्रेस नेतृत्व की इस कार्रवाई को संगठन में सक्रियता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि संगठन में पद केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। ऐसे में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं से पार्टी की बैठकों, कार्यक्रमों और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों में नियमित भागीदारी अपेक्षित है।

विनय कुमार के अनुसार, दोनों पदाधिकारियों की पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों और आधिकारिक कार्यक्रमों में लंबे समय से लगातार अनुपस्थिति का मामला गंभीरता से लिया गया।

इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद अनुशासन समिति की सिफारिश और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की स्वीकृति मिलने पर दोनों नेताओं को उपाध्यक्ष पद से हटाने का निर्णय लिया गया।

लापरवाही को नहीं किया जाएगा नजरअंदाज

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस संगठन को सक्रिय, जवाबदेह और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन और जवाबदेही के नियम सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर समान रूप से लागू होंगे। इस कार्रवाई से प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक सक्रियता और पदाधिकारियों की जवाबदेही को लेकर नेतृत्व का रुख स्पष्ट हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।